मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कृषक उत्पादन कंपनियों के भविष्य को बेहतर बनाया जायेगा। इसके लिये 29 मई को उज्जैन में कंपनियों का सम्मेलन होगा। वे आज यहाँ समन्वय भवन में कंपनियों के किसान सदस्यों से संवाद कर रहे थे।
यह अपने तरह का पहला संवाद था। इसका आयोजन लघु कृषक कृषि व्यापार संघ, कृषि मंत्रालय भारत सरकार, कृषि कल्याण विभाग मध्यप्रदेश और मध्य भारत कन्सोर्टियम ऑफ़ फार्मर प्रोड्यूसर्स कंपनी द्वारा किया गया था।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर अच्छा काम करते हुए छोटे किसानों को फायदा देने वाली कंपनियों को सम्मानित किया। कृषक उत्पादन कंपनियों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की सुख-समृद्धि ही प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी किसान कंपनियाँ कमाल कर रहीं हैं। श्री चौहान ने कहा कि सिंचाई, बीज उत्पादन और ब्याज रहित कर्ज देने जैसे प्रयासों से प्रदेश की कृषि विकास दर आज देश में सबसे ज्यादा हो गई है। उन्होंने कहा कि कृषक उत्पादन कंपनियों ने किसानों को अच्छा बीज उपलब्ध करवाने में आदर्श काम किया है। इन कंपनियों को देश की बड़ी कंपनियाँ बनाया जा सकता हैं। आज पूरी दुनिया में मध्यप्रदेश के गेहूँ की ब्रांडिंग हो गयी है, इसका लाभ उठाना चाहिये।
श्री चौहान ने कहा कि सभी कंपनियों को एक साथ लाकर राज्य-स्तरीय ब्रांड स्थापित किया जायेगा। सरकार और कंपनियों के एक साथ काम करने पर सफलता जल्दी मिलेगी। खेती भी आगे बढ़ेगी। इन कंपनियों से ऐसे उत्पाद सामने आयेंगे जो देश-विदेश में नाम पैदा करेंगे।
आसा संस्था के सी ई ओ श्री आशीष मंडल ने कृषक उत्पादन कम्पनियों के निर्माण और संचालन की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आज 54 कम्पनी हैं और 90 कंपनी अगले तीन माह में अस्तित्व में आयेंगी, जिनसे 1 लाख 45 हजार किसान जुड़ेंगे।