मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहाँ राज्य मंत्रालय के वल्लभ भाई पटेल पार्क में विश्व के सबसे ऊँचे ध्वज स्तंभों में शामिल 235 फ़ीट ऊँचे ध्वज स्तम्भ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और ध्वज की सलामी ली। उन्होंने कहा कि हर शनिवार यहाँ राष्टीय ध्वज को सलामी
देने का कार्यक्रम होगा। भोपाल आने वालों के लिए यह स्थान देशभक्ति का प्रेरणा-स्थल बनेगा। यह ध्वज स्तंभ 235 फीट ऊँचा है। ध्वज का आकार 60×90 फीट है। यह चौबीसों घंटे फहराता रहेगा। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री ने उपस्थित जन-समुदाय को देश की एकता और अखंडता के लिए सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आव्हान किया। श्री चौहान ने कहा कि यह विशाल राष्ट्र ध्वज देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि शौर्य स्मारक भी जल्दी बनकर तैयार हो जायेगा। इसमें देश के लिए अपनी जान देने वाले शहीदों की स्मृतियों को संजोकर रखा जायेगा। श्री चौहान ने कहा कि भारत एक महान देश रहा है। भारत ने विश्व को महान सिद्धांत दिए है। उन्होंने कहा कि जब विश्व की कई सभ्यताएँ अपनी प्रारंभिक अवस्था में थी तब भारत में नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालय स्थापित हो चुके थे। उन्होंने कहा कि भारत ही विश्व को मार्गदर्शन देगा। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू को पुण्य-तिथि पर श्रद्धांजलि दी और सरदार पटेल का स्मरण किया। देश के लिए कुर्बान हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह देश जाँबाज लोगों का है इसका कोई कुछ नहीं बिगड़ सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र ध्वज ने क्रांतिकारियों को प्रेरणा दी और उन्होंने ब्रिटिश शासन को उखाड़ फेंका। क्रांतिकारियों और वीर जवानों ने तिरंगे को झुकने नहीं दिया। श्री चौहान ने कहा कि भारत का उदय हो चुका है और यह हमेशा आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने नागरिकों से आव्हान किया कि वे अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयासों से भारत को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने में अपना योगदान दें।