बिजली चोरी के 12 हजार से अधिक प्रकरण दर्ज

मध्यप्रदेश पूर्व, पश्चिम तथा मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के विभिन्न क्षेत्र में चालू माली साल के माह अप्रैल तक पूरे प्रदेश में 78 हजार 933 उच्च-दाब एवं निम्न-दाब उपभोक्ता के बिजली कनेक्शन की जाँच की गई। इसमें से 12 हजार 119 बिजली कनेक्शन में अनियमितताएँ पायी गईं।

इन प्रकरण से 10 करोड़ 42 लाख 87 हजार रुपये की राजस्व वसूली की गई। इस दौरान विशेष न्यायालयों में 3,081 बिजली चोरी या अनियमितता के प्रकरण भी प्रस्तुत किये गये।

पूर्व क्षेत्र कम्पनी के जबलपुर, रीवा और सागर क्षेत्र में वर्ष 2015-16 के माह अप्रैल के अंत तक कुल 33 हजार 510 बिजली कनेक्शन की जाँच में से 6182 में बिजली चोरी या अनियमितताएँ पायी गईं। इन अनियमितताओं के विरुद्ध 2 करोड़ 82 लाख 89 हजार की राजस्व वसूली की गई। कम्पनी के अंतर्गत 2,226 बिजली चोरी या अनियमितता के प्रकरण विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किये गये।

पश्चिम क्षेत्र कम्पनी के इंदौर और उज्जैन क्षेत्र में इस दौरान 35 हजार 613 बिजली कनेक्शन की जाँच कर 3,283 कनेक्शन में बिजली चोरी या अनियमितता के प्रकरण पकड़े गये। इन प्रकरण में 5 करोड़ 33 लाख 41 हजार रुपये की राजस्व वसूली की गई। इस दौरान 471 प्रकरण विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किये गये।

मध्य क्षेत्र कम्पनी के भोपाल और ग्वालियर क्षेत्र में इस दौरान कुल 9810 बिजली कनेक्शन की जाँच की गई। इनमें से 2,654 में उपभोक्ताओं द्वारा बिजली चोरी अथवा अनियमितता करना पाया गया। ऐसे उपभोक्ताओं से 2 करोड़ 26 लाख 57 हजार रुपये की वसूली की गई। कम्पनी के अंतर्गत कुल 384 प्रकरण विशेष न्यायालयों में प्रस्तुत किये गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *