मंत्रालय के समक्ष सरदार वल्लभ भाई पटेल उद्यान में राष्ट्र गीत वंदे-मातरम् का सामूहिक गायन 1 जून को पूर्वान्ह 11 बजे होगा । सामान्य प्रशासन विभाग ने अपर मुख्य सचिव , प्रमुख सचिव और सचिव स्तरीय अधिकारियों के अलावा वल्लभ भवन
के सभी शासकीय सेवक और सतपुड़ा और विंध्याचल भवन के विभागाध्यक्ष को राष्ट्र गीत के सामूहिक गायन में शामिल होने को कहा है। साथ ही उनसे अधीनस्थ शासकीय सेवक को इसमें शामिल होने का आग्रह करने को भी कहा है।
दस वर्ष की निरंतरता
आगामी एक जून को मंत्रालय उद्यान में इस गायन के दस वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। गायन के अवसर पर मुख्यमंत्री, राज्य के मंत्री, मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहते हैं। बीते दस साल से लगातार यह गायन हर माह के पहले कार्य दिवस पर होता है। शासकीय सेवक सहित नागरिकों में राष्ट्र-भक्ति की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से वन्दे-मातरम का समवेत गायन शुरू किया गया था। तब से सफलता से यह गायन हो रहा है।
वल्लभ भवन में पदस्थ अनेक शासकीय सेवक वन्दे-मातरम गायन को मुख्य स्वर देते हैं। यह कार्य वे स्वैच्छिक रूप से करते हैं। अनुशासित ढंग से राष्ट्र-गीत का संगीतमय गायन करने वाले करीब तीस लोग का समूह है। यह समूह गायन का नियमित रियाज़ भी करता है। सामान्य प्रशासन विभाग ने गायक दल को वाद्य यंत्र दिए हैं। उल्लेखनीय है कि बंकिम चन्द्र चटर्जी लिखित राष्ट्र गीत वन्दे-मातरम को देश के प्रसिद्ध गायक- गायिकाओं ने अपना स्वर दिया है।
अरेरा हिल देशभक्ति का प्रतीक
प्रत्येक माह उद्यान में राष्ट्र गीत गायन के साथ ही अब प्रति शनिवार देश भक्ति के तराने और धुनें गूँजेंगी। दिनांक 27 मई को 235 फ़ीट ऊँचाई पर राष्ट्र ध्वज आरोहण के बाद अब उद्यान का महत्व और बढ़ गया है। अरेरा हिल पर ही शौर्य स्मारक बन रहा है जो देश में अनूठा होगा। भोपाल का यह इलाका देश भक्ति के प्रतीक से सज गया है।