मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए उद्योगों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि निवेश आने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री आज यहाँ निवेशकों के साथ बैठक में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार का रूख पूरी तरह सकारात्मक और सहयोगात्मक है। उन्होंने कहा कि निवेश परियोजनाओं में स्थानीय लोगों के हितों का भी पूरा ख्याल रखा जाए। इससे स्थानीय लोगों का भी पूरा सहयोग मिलेगा। इस अवसर पर उन्होंने मेसर्स रियो टिन्टो एक्सप्लोरेशन इंडिया प्रा.लि. के द्वारा बंदर, जिला छतरपुर में क्रियान्वित की जा रही डायमंड माईनिंग परियोजना के संबंध में कम्पनी के पदाधिकारियों से चर्चा की। साथ ही उनकी परियोजना में आने वाली कठिनाइयों की जानकारी भी ली। इस दौरान खनिज पट्टे, बल्क सेम्पलिंग की अनुमति, परियोजना को जोड़ने वाली सड़कों के उन्नयन, विद्युत की अबाध पूर्ति एवं पौध-रोपण के लिये भूमि उपलब्ध करवाने के संबंध में चर्चा की गई।