स्मार्ट सिटी के हर मापदंड पर खरा उतरेगा भोपाल

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भोपाल शहर स्मार्ट सिटी के हर मापदंड पर खरा उतरे इसके प्रयास किए जायेंगे। भोपाल के अलावा प्रदेश के अन्य शहरों को भी स्मार्ट सिटी बनाया जायेगा। इसके लिये जरूरी हुआ तो राज्य सरकार के संसाधन का उपयोग भी किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ तीन दिवसीय स्मार्ट सिटी कॉनक्लेव भोपाल-2015 का शुभारंभ कर रहे थे।

श्री चौहान ने कहा कि भोपाल प्राकृतिक सौन्दर्य से परिपूर्ण सुंदर शहर है। इसे स्मार्ट सिटी बनाने के लिए देश-दुनिया में जो भी बेहतर हुआ है उसे यहाँ लागू किया जाएगा। भोपाल के विकास के लिए रोडमेप तैयार किया गया है। स्मार्ट सिटी के विकास के लिए शहर की जनता को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सरकार वह है कि उसे जो भी अच्छे सुझाव मिले उन्हें क्रियान्वित करें। भोपाल को दुनिया के सबसे अच्छे शहरों में से एक बनाएंगे। राज्य सरकार गाँवों में शहरों जैसी सुविधाएँ उपलब्ध करवाने के लिए स्मार्ट विलेज योजना लागू कर रही है।

स्वागत भाषण में महापौर श्री आलोक शर्मा ने बताया कि भोपाल को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए विशेषज्ञों से सुझाव लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के लिए पुनर्घनत्वीकरण के लिए जमीन की आवश्यकता होगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नगर निगम द्वारा तैयार किए गए स्मार्ट कार्ड का शुभारंभ किया। उन्होंने नगर निगम के ई-न्यूज लेटर और ई-गवर्नेंस पत्रिका के विशेष अंक का विमोचन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *