गुजरात में अहमदाबाद, मेहसाणा, विस नगर और सूरत के कुछ हिस्सों में हिंसक घटनाओं के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है। पाटीदार अनमत आंदोलन समिति के नेता हार्दिक पटेल की कल शाम गिरफ्तारी और उनके समर्थकों पर पुलिस लाठीचार्ज के कुछ देर बाद ही हिंसक घटनाएं शुरू हो गईं। हार्दिक पटेल ने पाटीदार समुदाय को आरक्षण के लिए मुख्यमंत्री से आश्वासन की मांग करते हुए भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। हार्दिक पटेल को कुछ घंटों बाद ही रिहा कर दिया गया, लेकिन अहमदाबाद सहित राज्य के कई हिस्सों में हिंसा फैल गई। राज्य आरक्षित पुलिस बल सहित अर्धसैनिक बल, त्वरित कार्रवाई बल और सीमा सुरक्षा बल के जवान अहमदाबाद और मेहसाणा में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किए गए हैं।
गुजरात में आरक्षण की मांग को लेकर पटेल समुदाय रैली शांतिपूर्ण तरीके से खत्म हो जाने के बाद देर रात राज्य के अलग– अलग हिस्सों में हिंसक वारदातें हुई। अहमदाबाद, मेहसाणा, सूरत और राजकोट जिले हिंसा से सबसे अधिक प्रभावित रहे। जहां सीमा सुरक्षा बल और केन्द्रीय अनामत पुलिस बल की सात कंपनियां तैनात की गयी हैं। अहमदाबाद सहित राज्य के प्रभावित क्षेत्रों में आज स्कूल बंद रखा गया है। मुख्यमंत्री श्रीमती आनंदी बेन पटेल ने लोगों को हिंसा से दूर रहने और शांति बनाए रखने का अनुरोध किया है।