दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में आज मध्यप्रदेश के आजीविका ब्रांड की लांचिंग

मध्यप्रदेश में चल रहे उद्यानिकी स्वर्ण क्रांति अभियान में उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा नागरिकों को प्रेरित करने के लिए आज सुबह सभी शहरों में सायकिल रैली निकाली गई। ‘जय उद्यान-जय किसान’ के नारे के साथ निकली सायकिल रैली में जन-प्रतिनिधियों, समाज सेवियों, किसानों, अधिकारियों-कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

भोपाल में सांसद श्री आलोक संजर और प्रमुख सचिव उद्यानिकी श्री प्रवीर कृष्ण ने सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में हरी झंडी दिखाकर सायकिल रैली को रवाना किया। बिट्टन मार्केट, एकांत पार्क, पत्रकार कालोनी, मेनिट चौराहा, टिन शेड होते हुए टी.टी.नगर स्टेडियम पहुँचकर रैली का समापन हुआ।

सायकिल रैली में शामिल होने के लिए सुबह 6 बजे से ही नागरिकों और विद्यार्थियों का सुभाष स्कूल पहुँचना शुरू हो गया था। यहाँ उन्हें ‘जय उद्यान-जय किसान ‘ के नारे से युक्त पीली टी-शर्ट और केप दी गई। सभी प्रतिभागी अपनी सायकिल के साथ स्थल पर पहुँचे थे। उनकी सायकिलों में भी नारे प्रदर्शित किये गये थे। नारों के अलावा खादी ग्रामोद्योग के कबीरा ब्राण्ड और विन्ध्या वैली के उत्पादों के बारे में तख्तियाँ प्रदर्शित की गई थीं। सुभाष स्कूल के लगभग 100 बच्चों ने भी रैली में भाग लिया।

सायकिल रैली में ग्रीन प्लेनेट के सदस्यों ने सेवानिवृत्त आई.ए.एस. श्री सत्यप्रकाश के नेतृत्व में भागीदारी की। खादी ग्रामोद्योग की प्रबंध संचालक श्रीमती सुधा चौधरी, संचालक उद्यानिकी श्री महेन्द्र धाकड़ सहित अनेक सीनियर सिटीजन भी इसमें सम्मिलित हुए। श्री प्रवीर कृष्ण ने एक-एक प्रतिभागी से मिलकर उसका उत्साह बढ़ाया। लगभग 1000 प्रतिभागियों के साथ रैली सुबह 8 बजे रवाना हुई। रैली के आगे चल रहे डीजे वाहन के देश-भक्ति गानों और नारों ने रैली का समां बाँधने में कोई कसर शेष नहीं छोड़ी। श्री आलोक संजर और श्री प्रवीर कृष्ण रैली में सबसे आगे चल रहे थे। आयोजन में उद्यानिकी, जिला प्रशासन, रेशम और खादी-ग्रामोद्योग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

 

नागरिकों और विभिन्न संस्थान ने जगह-जगह रैली का स्वागत किया। प्रतिभागियों के लिए पीने के पानी और स्वल्पाहार का भी इंतजाम किया गया था। रैली में शामिल हुए प्रतिभागी ‘जय उद्यान- जय किसान’ का नारा लगा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *