मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के विकास और लोगों के कल्याण के संकल्प से काम करें। प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने के लिये टीम मध्यप्रदेश के रूप में काम करें। सभी विभाग क्रियान्वयन में गड़बड़ी को रोकने के लिये थर्ड पार्टी मूल्यांकन की व्यवस्था बनायें। कोई भी गड़बड़ी पायी जाने पर सख्त कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निराश्रित पेंशन योजना के सभी पात्र हितग्राही को हर माह समय से पेंशन मिले यह सुनिश्चित करें। निर्माण कार्यों में समय-सीमा का सख्ती से पालन करवायें। भ्रष्टाचार के प्रकरण में चालान प्रस्तुत होते ही निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। स्व-रोजगार की विभिन्न योजनाओं में हितग्राही को लाभान्वित करने के लिये आगामी 25 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक अभियान चलाया जाये। अंत्योदय मेलों को और बेहतर बनायें। इन मेलों में प्रत्येक हितग्राही को मेले में ही योजना का लाभ मिले यह सुनिश्चित किया जाये। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठक ले रहे थे। बैठक में मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा और पुलिस महानिदेशक श्री सुरेन्द्र सिंह उपस्थित थे।
संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिये युद्ध स्तर पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि संक्रामक बीमारियों डेंगू, मलेरिया और स्वाईन फ्लू नियंत्रण के लिये स्वास्थ्य विभाग युद्ध स्तर पर कार्रवाई करें। रतलाम, रीवा और शहडोल के मेडिकल कॉलेज भवनों के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करवायें। खाद का वितरण समय से सुनिश्चित हो और खाद की कालाबाजारी नहीं हो इसकी व्यवस्था की जाये। वर्षा के दौरान खराब हुई सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से करें। वर्ष 2015 तक 10 लाख हेक्टर सिंचाई की अतिरिक्त क्षमता निर्मित करने के लिये योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। सिंचाई योजनाओं की बेसिनवार कार्य योजना बनायें।