मतदाता सूची में नाम जुड़वाने विभाग के नोडल अधिकारियों की बैठक

 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में 1 जनवरी 2016 की स्थिति में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए शासकीय विभागों के नोडल अधिकारियों की बैठक आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में हुई। बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री एस.एस.बंसल भी उपस्थित थे।

श्री बंसल ने कहा कि सभी नोडल अधिकारी अपने विभाग के जरिए शेष रह गये मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाने के लिए गतिविधियाँ संचालित करें। विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के छूटे नाम को भी जुड़वाया जाए। सभी शासकीय कार्यालय एवं संस्थान अपने यहाँ नाम जुड़वाने के लिए निर्धारित फार्म-6 रखें तथा मांगने पर तत्काल संबंधित को उपलब्ध करवाए। फार्म-6 की उपलब्धता की जानकारी देने के लिए कार्यालयीन भवन पर सूचना भी प्रदर्शित करवाए। उन्होंने उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग को कॉलेज में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के नाम जुड़वाने के लिए कहा। इसी तरह आर.टी.ओ. में ड्रायविंग लायसेंस और बैंक में खाता खुलवाने आने वाले युवाओं को भी फार्म-6 उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये गये।

बैठक में सहकारिता, उच्च एवं तकनीकी, स्कूल शिक्षा, संस्कृति, जनसम्पर्क, आबकारी सहित विभिन्न विभाग, लीड बैंक, बीएसएनएल, नेहरू युवक केन्द्र आदि के नोडल अधिकारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि एक जनवरी 2016 की स्थिति में 18 वर्ष आयु पूर्ण करने वाले महिला/पुरुष के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की पात्रता 2 नवम्बर से प्राप्त होगी। उनके नाम जोड़ने के लिए आवेदन भी इसी तिथि से लिये जायेंगे।

प्रदेश के 62 हजार 690 मतदान केन्द्र पर बूथ लेवल अधिकारी कार्यालयीन समय पर उपस्थित रहकर नाम जोड़ने के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7, वोटर आईडी में सुधार के लिए फार्म-8 तथा कार्ड के गुमने या खराब होने की स्थिति में फार्म-002 प्राप्त करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *