व्‍यापम घोटाले के सिलसिले में उत्‍तर प्रदेश और मध्‍य प्रदेश में 40 स्‍थानों पर छापे

व्‍यापम घोटाले के सिलसिले में केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो उत्‍तर प्रदेश और मध्‍य प्रदेश में चालीस स्‍थानों पर छापेमारी कर रहा है। ब्‍यूरो के अधिकारी उत्‍तर प्रदेश में लखनऊ और इलाहाबाद में छापे मार रहे हैं। मध्‍यप्रदेश में भोपाल, इंदौर, उज्‍जैन, रीवा, जबलपुर, विदिशा, अशोक नगर में छापे मारे जा रहे हैं। 

सीबीआई के एक दल ने पूर्व शिक्षा मंत्री और व्‍यापम के प्रमुख आरोपियों में से एक लक्ष्‍मीकांत शर्मा के गृहनगर फिरोज स्थित उनके ठिकानों पर छापा मारा। सीबीआई ने हाल ही में जेल में बंद लक्ष्‍मीकांत शर्मा से पूछताछ की थी। पंकज त्रिवेदी, नितिन महिन्‍द्रा, संजीव सक्‍सेना, सुजीत शर्मा, डॉ. जगदीश सागर, भरत मिश्रा, संतोष गुप्‍ता सहित अन्‍य प्रमुख आरोपियों के ठिकानों पर भी छापे मारे गये हैं। सीबीआई की एक टीम व्‍यापम के भोपाल स्थि‍त कार्यालय में भी तलाशी ले रही है। सुप्रीम कोर्ट ने इस वर्ष व्‍यापम घोटाले की जांच सीबीआई को सौंपी थी। जांच एजेंसी इस मामले में अब तक सौ से अधिक एफआईआर दर्ज कर चुकी है। व्‍यापम घोटाला देश के सबसे बड़े प्रवेश और भर्ती घोटालों में से एक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *