अब डिण्डौरी जिले में भी मिलेगी 24 घंटे बिजली। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने डिण्डौरी में सोमवार को अटल ज्योति अभियान का शुभारंभ किया। श्री चौहान ने कहा कि बिजली का उपयोग रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के साथ ही इससे गाँव में लघु एवं कुटीर उद्योगों का जाल बिछाकर गाँव का विकास भी करें।मुख्यमंत्री ने वर्तमान शिक्षण सत्र से ही गाड़ासरई में महाविद्यालय प्रारंभ करने, डिण्डौरी नगर के विकास के लिये 2 करोड़ रुपये देने, नर्मदा शुद्धिकरण के लिये जरूरी राशि स्वीकृत करने और मण्डला जिले के रामनगर चौगान में आदिवासी भवन बनवाने की भी घोषणा की।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य लक्ष्य समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित-जनजाति वर्ग के लगभग पौने 2 लाख लोगों को वनाधिकार-पत्र वितरित किये गये हैं। इन्हें कपिलधारा कूप स्वीकृत करने के साथ ही इनके खेतों में मेढ़-बँधान भी बनवाये जा रहे हैं। इन्हें आवासीय कुटीर भी दिये जाने का प्रस्ताव है।