राज्यपाल श्री रामनरेश यादव ने कहा है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का सत्य और अहिंसा का संदेश आज के दौर में और अधिक प्रासंगिक हो गया हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों को आत्मसात कर सशक्त भारत का निर्माण करें। राज्यपाल श्री यादव आज गांधी भवन में सर्वधर्म सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्र पर भी माल्यार्पण किया।
राज्यपाल श्री यादव ने कहा कि महात्मा गांधी, देश के स्वतंत्रता आंदोलन के सेना नायक ही नहीं वरन हमारे लिये प्रेरणा-स्त्रोत हैं। बापू ने सारा जीवन सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर सारी दुनिया को अहिंसा, शान्ति, सदभाव और एकता का संदेश दिया। गांधी जी के इसी आदर्श को विश्व ने स्वीकार किया। संयुक्त राष्ट्र संघ ने दो अक्टूबर को विश्व अहिंसा दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है। राज्यपाल ने महात्मा गांधी के जीवन के अनेक प्रेरक प्रसंग का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी स्वदेशी आंदोलन के पक्षधर थे। उन्होंने समाज के सबसे निर्धन वर्ग की भलाई के लिये काम किया।
राज्यपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री का भी पुण्य-स्मरण किया। उन्होंने कहा कि देश के किसान और सेना के जवान के उत्साह के लिये स्वर्गीय शास्त्री ने ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा दिया।
सर्वधर्म सभा में आर.के. क्रिएशन के सहयोग से छात्र चित्रांशु श्रीवास्तव और पलक्षित जोशी ने बापू के प्रिय भजन प्रस्तुत किये। राज्यपाल श्री यादव ने गांधी जी के जीवन पर केन्द्रित विभिन्न प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को पुरस्कार वितरित किये। संचालन श्री महेश दयाल सक्सेना ने किया। प्रारंभ में राज्यपाल श्री यादव ने स्वर्गीय महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किये।