गांधी जयंती पर मद्य निषेध सप्ताह का शुभारंभ

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर कम्युनिटी हॉल टी.टी. नगर में सांसद श्री आलोक संजर ने मद्य निषेध सप्ताह का शुभारंभ किया। सांसद श्री आलोक संजर ने कहा कि समाज में नशा की प्रवृत्ति को जड़ से समाप्त करने के लिये सभी को एकजुट होकर पहल करनी होगी। सांसद श्री संजर ने कहा कि नशा मुक्त भारत से ही देश सही मायने में विकसित देशों की श्रेणी में आ सकेगा। उन्होंने इस अवसर पर नशा मुक्ति प्रदर्शनी का भी शुभांरभ किया।

सांसद श्री संजर ने कहा कि नशा परिवार में संवादहीनता को जन्म देता है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे की बुरी लत से दूर रहने का आग्रह किया। सांसद ने चित्र प्रदर्शनी में नशे की दशा को दिखाने और जन-जाग्रति के प्रयासों की सराहना की।

इस मौके आयुक्त नि:शक्तजन श्री बलदीप सिंह मैनी, सचिव सह-आयुक्त सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण डॉ. मनोहर अगनानी, मिशन संचालक समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन श्री अजीत कुमार और अशासकीय संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे।

नशाबंदी पोस्टर प्रदर्शनी में हमीदिया महाविद्यालय, बाल भवन, कमला नेहरू स्कूल, नर्मदा फाइन आर्ट कालेज के छात्र-छात्राओं द्वारा बनाये गये नशामुक्ति संदेश पोस्टर्स को प्रदर्शित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *