रोजगार देने वाले उद्योगों को ज्यादा सुविधाएँ दी जाएगी

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उद्योग नीति में तय किया जाएगा कि रोजगार देने वाले उद्योगों को ज्यादा सुविधाएँ दी जाएँ। प्रदेश में खेती के साथ रोजगार को जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। मध्यप्रदेश को बदलने के लिए खेती के साथ उद्योगों को लाना होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ स्टेट हेंगर पर जापान-कोरिया की यात्रा से लौटने पर सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश को दुनिया के सबसे अच्छे राज्यों में से एक बनाएँगे। इसके लिए सड़क, बिजली, पानी और अधोसंरचना के क्षेत्र में काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि संकट की घड़ी में सरकार किसानों के साथ खड़ी है। किसान चिंता नहीं करें। पिछली बार की तरह इस बार भी संकट से निपटेंगे। जरूरत पड़ी तो बाकी काम बंद कर किसानों को निराशा से बचायेंगे। खेती राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पिछले वर्ष किसानों को विभिन्न सुविधाओं के लिए 12 हजार करोड़ रुपए का अनुदान किया गया था। अब किसानों को ऋणात्मक दस प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। प्रदेश में पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध है। सिंचाई का बेहतर प्रबंधन कर रबी की फसल को बिगड़ने नहीं देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खाद्य प्र-संस्करण उद्योगों और कृषि उत्पाद के मूल्य संवर्धन पर जोर दिया जाएगा। जापान की कई कंपनियों ने इस संबंध में रूचि प्रदर्शित की है। खेती के अलावा रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ाने के लिए छोटे उद्योगों का जाल बिछाया जाएगा। प्रदेश में इस बार मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में 60 हजार युवाओं को ऋण दिया जाएगा। दुनिया में जापान, कोरिया और चीन जैसे देशों ने उद्योगों का विस्तार कर तरक्की की है। मध्यप्रदेश भी इस दिशा में आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मेक इन इंडिया का अभियान शुरू किया है। खेती के साथ उद्योगों के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री नंदकुमार सिंह चौहान ने स्वागत उदबोधन में कहा कि आज मध्यप्रदेश में निवेशकों की रुचि बढ़ी है। विकास के सभी आयामों पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की जापान-कोरिया यात्रा प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए सार्थक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *