राज्यपाल श्री राम नरेश यादव ने आज सशस्त्र सेना झण्डा दिवस पर व्यक्तिगत रूप से सर्वाधिक दान करने वाले जबलपुर के डॉ. गोपाल सिंघल एवं श्री बसंत गडे का सम्मान करते हुए कहा कि समाज-कल्याण और सैनिक कल्याण के लिए दान करने वालों का सम्मान ही उनकी सबसे बड़ी पूँजी है। इसे जीवन भर सुरक्षित रखने का प्रयास करना चाहिए। इसे क्षीण नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सम्मान से दानदाता का उत्साहवर्धन होता है। साथ ही युवाओं तथा अन्य लोगों को प्रेरणा भी मिलती है। राज्यपाल श्री यादव ने समाजसेवी डॉ. गोपाल सिंघल और सेवानिवृत्त शिक्षक श्री बसंत गडे को शाल-श्रीफल और प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
ब्रिगेडियर श्री आर.एस. नौटियाल संचालक सैनिक कल्याण ने सम्मानित होने वाले अंशदाताओं का राज्यपाल से परिचय करवाया। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री अजय तिर्की, कर्नल श्री एस.आर. पिल्लै और सैनिक कल्याण संचालनालय के अधिकारी उपस्थित थे।