किसानों को राहत के साथ फसल बीमा का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अवर्षा से प्रभावित किसानों को उनके हाल पर नहीं छोड़ेंगे। उनकी हर संभव सहायता करने का राज्य सरकार ने संकल्प लिया है। इसलिये अधिकारी किसानों को राहत राशि के साथ फसल बीमा का लाभ दिलाने तथा रबी बोनी की तैयारी करने एवं वैकल्पिक रोजगार के साधन मुहैया करवाने के तत्काल इंतजाम करें। मुख्यमंत्री आज यहाँ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये प्रदेश के कमिश्नरों और कलेक्टरों से सूखे एवं फसल क्षति की जानकारी ले रहे थे।

श्री चौहान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि संकट की घड़ी में किसान का साथ देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारी अपने ज्ञान-प्रतिभा और अनुभव का उपयोग करते हुए पूरी संवेदनशीलता से किसान की मदद करें। राजस्व पुस्तक परिपत्र 6 चार में राहत राशि के प्रकरण शीघ्र बनवायें तथा फसल बीमा की प्रीमियम राशि का तत्काल बीमा कंपनी में जमा करवाना सुनिश्चित करें। इसमें देरी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत राशि का वितरण पूरी प्रामाणिकता और पारदर्शिता से किया जाये। राहत राशि का वितरण केवल वर्षा पर आधारित न होकर यह फसल की उत्पादकता पर आधारित होगा। इसके साथ ही रबी बोनी के लिये खाद-बीज की पर्याप्त व्यवस्था करें। किसानों को पानी की उपलब्धता के अनुसार फसलें बोनी की सलाह दें। राहत राशि का वितरण किसान के बैंक खातों में होगा। इसलिए राहत प्रकरण बनाते समय बैंक खाता नंबर भी दर्ज करें।

गाँवों में रोजगारमूलक कार्य शुरू होंगे

मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों को मनरेगा में रोजगार मुहैया करवाने के लिये पर्याप्त काम शुरू करने तथा मजदूरी का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद प्रभावित लोगों को 100 के बजाय 150 दिनों का रोजगार उपलब्ध करवायें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रोजगार की तलाश में पलायन नहीं होना चाहिए। इसके अलावा पेयजल के लिये पानी सुरक्षित रखने तथा भविष्य की तैयारी रखने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री गाँवों में अचानक पहुँचेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिये दीर्घकालीन योजना बनाई जायेगी। उन्होंने बताया कि 25 से 27 अक्टूबर तक वे स्वयं गाँवों में अचानक पहुँचकर स्थिति का जायजा लेंगे। मंत्रीगण और वरिष्ठ अधिकारी भी किसानों के बीच बैठेंगे। सूखे एवं फसल क्षति की स्थिति, योजनाओं के क्रियान्वयन की वस्तु-स्थिति आदि की जानकारी लेंगे।

स्थापना दिवस सादगी से मनेगा

 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि एक नवम्बर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पूरी सादगी से मनाया जायेगा। इस दिन स्वच्छता अभियान चलाया जाये। कम से कम बस स्टेंड की स्वच्छता स्थायी रूप से सुनिश्चित की जाये। साथ ही विकास दशक में केवल विकास और जनसेवा के कार्य होंगे। उन्होंने अंत्योदय मेलों को रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में सार्थक बनाने के निर्देश दिये। श्री चौहान ने अधिकारियों को जनता की बात विनम्रता से सुनने और जन-प्रतिनिधियों को साथ लेकर समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करने का परामर्श दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *