मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 24 घंटे विद्युत आपूर्ति से प्रदेश में आर्थिक तथा सामाजिक बदलाव आयेगा। उन्होंने कहा कि अब इससे गाँव-गाँव में लोगों को अपने घरेलू उपयोग के अलावा उद्योग-व्यवसाय के लिये मिलने वाली पर्याप्त बिजली से लघु तथा कुटीर उद्योग के विकास को बल मिलेगा। श्री चौहान आज 46वें जिले देवास में अटल ज्योति अभियान का शुभारंभ कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सोनकच्छ क्षेत्र के कालीसिंध परियोजना में आने वाले 22 गाँव के प्रभावित किसानों को बढ़ी हुई दर से मुआवजा दिलाने की घोषणा की। उन्होंने विभिन्न योजना के हितग्राही को राशि तथा स्वीकृति आदेश आदि का वितरण भी किया।श्री चौहान ने कहा कि अभियान के लिये ऊर्जा विभाग के फीडर सेपरेशन के कार्य में सिंचाई तथा घरेलू फीडर के पृथक-पृथक करने से उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली मिल रही है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए लोगों से उनका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने देवास जिले में मुख्यमंत्री युवा स्व-रोजगार योजना के क्रियान्वयन तथा बड़ी संख्या में युवा उद्यमियों को उद्यम के लिये ऋण दिलाने पर जिला प्रशासन को बधाई दी।