मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा ने आज समाधान ऑनलाइन में विभिन्न नागरिक के लंबित प्रकरण का समाधान करवाया। आज विभिन्न मामलों में करीब एक करोड़ की राशि का भुगतान करवाया गया। मुख्य सचिव के निर्देश पर जबलपुर निवासी श्रीमती प्रतिभा समैया को सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहीत की गई भूमि की 42 लाख 58 हजार 800 रुपए की राशि बतौर मुआवजा प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने आवेदिका को मुआवजा की ब्याज राशि देने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने भोपाल निवासी श्री राजेश गंगेले को कंसल्टेन्सी कार्य की राशि का भुगतान इसी माह करने के निर्देश नगरीय प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग को दिए। भोपाल की ही श्रीमती गंगा रामनाथन को पति की मृत्यु के बाद फेमिली पेंशन का भुगतान तत्काल किए जाने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने श्री जयसिंह (अशोक नगर), श्री रामभरोसे (सीहोर), सुश्री गजाला परवीन (भोपाल), श्री अशोक शुक्ल (रीवा), श्रीमती निशा परमार (छिंदवाड़ा) श्रीमती लता हार्डिया (इंदौर), श्रीमती जैबुन्निसा (उमरिया), श्री ब्रजवासी गोस्वामी (छतरपुर) और श्री केशरिया बसोर (छतपुर) से लंबित प्रकरण में भी समाधान की कार्रवाई करवाई।