मध्यप्रदेश में रोशनी के पर्व दीपोत्सव पर तीन दिन में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक बिजली की आपूर्ति की गयी है। दीपावली के दिन 11 नवम्बर को प्रदेश में 20 करोड़ 20 लाख 31 हजार यूनिट बिजली की सप्लाई की गयी। पिछले वर्ष दीपावली के दिन प्रदेश में 17 करोड़ 71 लाख 4 हजार यूनिट बिजली की सप्लाई हुई थी। इस तरह इस बार बिजली प्रदाय 14 प्रतिशत अधिक है। दीपावली के दिन बिजली की अधिकतम माँग 9 हजार 178 मेगावाट रही। पिछले वर्ष अधिकतम माँग 7,901 मेगावाट रही थी। यह पिछले वर्ष की तुलना में 16 प्रतिशत ज्यादा है।
ऊर्जा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, प्रमुख सचिव ऊर्जा श्री आईसीपी केसरी और एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक श्री संजय कुमार शुक्ल ने प्रदेश की सभी बिजली कंपनियों के अभियंताओं और कार्मिकों को रोशनी के पर्व पर सतत् बिजली उत्पादन और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति किये जाने के लिए बधाई दी है।
दीपावली के एक दिन पहले 10 नवम्बर को नरक चौदस के दिन 20 करोड़ 62 लाख 19 हजार यूनिट बिजली की सप्लाई की गई। पिछले वर्ष 17 करोड़ 99 लाख 23 हजार यूनिट बिजली की सप्लाई की गयी थी। इस प्रकार इस बार 15 प्रतिशत अधिक बिजली की आपूर्ति की गयी। नरक चौदस को बिजली की अधिकतम माँग 9,582 मेगावाट रही। पिछले वर्ष यह माँग 8,150 मेगावाट। इस प्रकार इस बार माँग में 18 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज हुई। इस वर्ष 9 नवम्बर धन तेरस को राज्य में 20 करोड़ 63 लाख 65 हजार यूनिट बिजली की सप्लाई की गई।