सड़कें पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही क्षेत्र का आर्थिक विकास करेगी

जनसंपर्क, ऊर्जा और खनिज साधन मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि विन्ध्य क्षेत्र में करीब 5000 करोड़ से ज्यादा लागत की सडकें अकेले रीवा संभाग में बन रही है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इन फोर लेन सड़कों से पर्यटन को तो बढ़ावा मिलेगा ही आर्थिक विकास का मार्ग भी प्रशस्त होगा। विन्ध्य की पहचान गौरव और भावनाओ से जुड़े विश्व के पहले व्हाईट टाईगर सफारी की स्थापना भी मुकुन्दपुर में पूर्णता की ओर है। श्री शुक्ल आज मैहर में रीवा-जबलपुर-लखनादौन राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-7 पर मैहर बायपास का भूमि-पूजन कर रहे थे। मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि 4.75 किलोमीटर लम्बाई का मैहर बायपास 70 करोड की लागत से बनेगा। रेलवे और टमस नदी पर बडे पुल बनाये जायेंगें तथा यह मार्ग सीमेंन्ट-क्रांकीट का होगा। अध्यक्षता सांसद श्री गणेश सिंह ने की।

श्री शुक्ल ने कहा कि विन्ध्य में अधोसंरचना और फोर लेन सड़कों का अभाव रहा है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सड़कों और अधोसंरचना के मामले में विन्ध्य को अनेक सौगातें दी हैं। बाणसागर का पानी सतना आ चुका है। बरगी का पानी आते ही यह क्षेत्र हरित क्रान्ति से सराबोर होगा। उर्जा मंत्री ने कहा कि इस मार्ग को इण्डस्ट्रियल कारीडोर घोषित किया गया है। यहाँ एग्रो आधारित उद्योग भी फलीभूत होंगे। जनसंपर्क मंत्री ने बताया कि रीवा से जबलपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग तक 8 से 10 बायपास बनेंगें। मैहर बायपास को शीघ्र शुरू करवाया जायेगा।

श्री गणेश सिंह ने कहा कि मैहर बायपास बड़ी उपलब्धि है। मैहर में 600 करोड़ के काम पूर्व में स्वीकृत हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *