होशंगाबाद कलेक्टर को राष्ट्रीय पुरस्कार

मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिला कलेक्टर श्री संकेत भोंडवे को नि:शक्तजन के पुनर्वास एवं उत्थान के क्षेत्र में जिले में किये गये उत्कृष्ट कार्यों के लिये प्रधानमंत्री श्री नरेन्द मोदी राष्ट्रीय पुरस्कार देंगे। यह पुरस्कार उन्हें 3 दिसम्बर को नई दिल्ली में विज्ञान भवन में मिलेगा। होशंगाबाद जिले में नि:शक्तता के क्षेत्र में विभिन्न जन-कल्याणकारी कार्यकम और गतिविधियाँ संचालित की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आये हैं। भारत सरकार द्वारा उत्कृष्ट जिला श्रेणी में होशंगाबाद जिले का चयन किया गया है।

जिले में नि:शक्तजन को स्वावलंबी बनाने एवं उनका परिवार बसाने के उद्देश्य से नि:शक्त युवक-युवतियों को चिन्हांकित कर विकासखंड स्तर पर परिचय सम्मेलन किये गये। परिचय सम्मेलन में 51 जोड़ों के तय हुए रिश्तों का जिला स्तर पर सामूहिक सम्मेलन में विवाह करवाया गया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सम्मेलन में पहुँचकर विवाहित जोड़ों को अशीर्वाद दिया। सम्मेलन में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और अटल बाल पालकों द्वारा उपहार दिये गये। नि:शक्त युवक-युवतियों के धर्म माता-पिता बनकर उनका कन्यादान किया और आज भी जोड़ों को अतिरिक्त रूप से अपनी ओर से वित्तीय मदद एवं सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। सम्मेलन में मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी करवाया गया। शासन की ओर से 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि और कार्यक्रम स्थल पर ही उनके आधार कार्ड, जन-धन योजना में बैंक खाता, रूपे कार्ड सहित अन्य शासकीय योजना में पात्रतानुसार स्वीकृति आदेश दिये गये।

जिले में अब तक 101 नि:शक्त युवक-युवतियों के विवाह करवाये गये हैं। रोजगार मेलों का आयोजन कर उनकी योग्यतानुसार अशासकीय संस्थाओं में रोजगार उपलब्ध करवाया गया। शासकीय कार्यालयों में नि:शक्तजन की भर्ती के लिये विशेष अभियान चलाकर रिक्त पदों की पूर्ति की गई। साथ ही उनके स्व-रोजगार के लिये शासन की विभिन्न योजना से लाभान्वित किया गया। नि:शक्तजन के कौशल विकास के लिये विभिन्न व्यवसाय का प्रशिक्षण देकर उन्हें बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध करवाकर रोजगार दिलवाया गया।

राष्ट्रीय न्यास की योजना लीगल गार्जियनशिप में जिले में स्थापित लोकल लेबल कमेटी द्वारा 150 हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र दिये गये हैं। इसी योजना में 1604 हितग्राहियों को 1 लाख रुपये तक की निरामय स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी का लाभ भी दिया गया। राष्ट्रीय न्यास सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अनुसार वर्ष 2014-15 में होशंगाबाद जिले को पूरे देश में चयनित 5 उत्कृष्ट जिलों में स्थान प्राप्त हुआ है।

जिला विकलांग एवं पुनर्वास केन्द्र द्वारा 5192 अस्थि-बाधित, 1055 दृष्टि-बाधित, 508 अल्प दृष्टि-बाधित, 2780 श्रवण बाधित, 2265 मानसिक मंद और 123 मानसिक रोगी को नि:शक्तता प्रमाण-पत्र दिये गये। नि:शक्तजन को 5600 सहायक उपकरण और 236 कृत्रिम अंग प्रदान किए गए। जिले के सभी नि:शक्तजन को पात्रतानुसार पेंशन राशि दी जा रही है।

जिले में 1566 मानसिक रूप से अविकसित एंव बहु विकलॉग नि:शक्तजन को 500 रुपये प्रतिमाह की सहायता राशि निरंतर दी जा रही है। जिले में नि:शक्तजन के कल्याण के लिये उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभांवित किया जा रहा है। इसमें शौचालय निर्माण, मुख्यमंत्री आवास, इंदिरा आवास, नि:शक्त विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, खाद्यान्न वितरण आदि का लाभ दिया जा रहा है।

जिले के सभी शासकीय कार्यालय में नि:शक्तजन के आवागमन के लिए बाधारहित रेम्प आदि का निर्माण करवाया जा रहा है। वर्तमान में जिले के उमंग कार्यक्रम में नि:शक्तजन का स्वास्थ्य परीक्षण, आधुनिक उपकरण वितरण और कृत्रिम अंग, ट्राय मोपेड आदि उपलब्ध करवाने के लिये विकासखंड स्तर पर शिविर लगाकर शासकीय योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *