मैडम रोज आती है, खाना मिलता है

सीहोर जिला मुख्यालय पर आयोजित अंत्योदय मेले के बाद मुख्यमंत्री अचानक शहर की बस्ती स्वदेश नगर कालोनी पहुँचे। मुख्यमंत्री को देख कालोनी के रहवासी एकत्र हो गये। उनसे मिलने पहुँचे बच्चे विकास से मुख्यमंत्री ने पढ़ाई-लिखाई और मध्यान्ह भोजन की जानकारी ली। विकास ने बताया कि मैडम रोज आती है और खाना भी मिलता है।

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर अभिभूत कालोनी की महिलाओं ने श्री चौहान को पेयजल की समस्या बताई। मुख्यमंत्री ने बताया कि शहर में पेयजल पाईप लाईन बिछाने के लिये 10 करोड़ रुपये की राशि दे दी गयी है। इससे जल्दी ही समस्या हल हो जायेगी। उन्होंने महिलाओं की मांग पर बस्ती में एक और हेण्डपम्प लगाने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री से संवाद का सिलसिला शुरू हो गया था। कालोनी के रहवासियों ने कॉलोनी में स्थित शासकीय विद्यालय तक पहुँच मार्ग बनाने की मांग की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जल्दी ही मार्ग बन जायेगा। मार्ग के लिये निविदा स्वीकृत हो चुकी हैं। निर्माण का काम भी जल्द शुरू हो जायेगा। मुख्यमंत्री ने रहवासियों की शिकायत पर नगर पालिका सीएमओ को फटकार लगाई और रोजाना सफाई करवाने के लिये कहा।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान जनता से रू-ब-रू होते हुए अन्य योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *