हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ देने स-अधिकार अभियान चलायें

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने झाबुआ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों एवं झाबुआ नगर में 30 नवंबर को देर रात तक आमजन से जन-संवाद किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शासन की योजनाओं का लाभ लेने में ग्रामीणों को आ रही समस्याओं को जाना और योजनाओं की मैदानी हकीकत से रू-ब-रू हुए। मुख्य मंत्री श्री चौहान ने सर्किट हाउस झाबुआ में जिला अधिकारियों की बैठक लेकर जनसंवाद के दौरान प्राप्त हुए एक-एक आवेदन की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने जन-समस्याओं का निराकरण करने के सख्त निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जनता को शासन की योजनाओं का लाभ दिलवाने के लिए स-अधिकार अभियान चलायें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित आवास मिशन, कपिलधारा कूप, मनरेगा, पेंशन योजना, पंच परमेश्वर योजना आदि योजनाओं पर विशेष ध्यान देकर ग्रामीणों को लाभ दिलवायें। मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना में हर परिवार की पात्रता पर्ची जनरेट करें। ग्रामीण क्षेत्रों में जहाँ भी पेयजल की समस्या हो सकती है, उसके लिए अभी से वैकल्पिक कार्य-योजना बना लें।

श्री चौहान ने कहा कि बँटवारा/नामांतरण के प्रकरणों में व्यक्ति को भटकना न पड़े। झाबुआ नगर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए स्वीकृत नवीन पेयजल योजना का निर्माण जल्द से जल्द शुरू किया जाये। उन्होंने कहा कि अधिकारी फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति जाने कि जनता परेशान क्यों हैं और उसकी परेशानी दूर करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *