सभी विधवाओं को मिलेगी पेंशन

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज शहडोल जिले के सोहागपुर विकास खण्ड के ग्राम पंचायत केलमनिया में जन-संवाद कार्यक्रम में किसानों और ग्रामीणों से चर्चा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्रामीणों से सूखे से प्रभावित फसलों की स्थिति और मुआवजा वितरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त फसलों का सर्वे ठीक से न होने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने शहडोल जिले के जयसिंह नगर, सोहागपुर और बुढ़ार तहसील में सूखा प्रभावित फसलों का पुन: सर्वे के निर्देश अधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्राम पंचायतों में सर्वे सूची चस्पा करने और किसानों से आपत्तियाँ लेने और उसके निराकरण के बाद मुआवजा वितरण किये जाने के निर्देश दिये।

जन-संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विधवा आदिवासी महिलाओं का नाम बीपीएल सूची में न होने के कारण पेंशन न मिलने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि अब सभी विधवा महिला को पेंशन दी जायेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आदिवासियों से एक रुपये किलो की दर पर खाद्यान्न मिलने की जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आँगनवाड़ी केन्द्रों की सेवाओं, स्कूल में मध्यान्ह भोजन और राज्य सरकार की अन्य जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने बताया कि आँगनवाड़ी केन्द्र में सेवाएँ मिल रही हैं। स्कूल में छात्रवृत्ति, नि:शुल्क किताब, गणवेश और सायकिल मिली हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किसानों से कहा कि संकट की घड़ी में घबराने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार किसानों को बेहतर व्यवस्था देने के प्रयास करेगी।

ग्राम भमरहा में जनचौपाल

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जनपद पंचायत सोहागपुर के सुदूर ग्राम भमरहा में चौपाल लगाकर ग्रामवासियों की समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने ग्राम में हाईस्कूल न होने की दिक्कत बताई। मुख्यमंत्री ने ग्राम में अगले शिक्षण सत्र से हाईस्कूल खोले जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की माँग पर भमरहा से निकलने वाली जोहिला नदी पर डेम बनाकर सिंचाई क्षमता में वृद्धि किये जाने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने ग्राम पठरा में भी ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना का किसानों को पूरा पैसा मिलेगा तथा ऋणी किसानों का एक वर्ष का ब्याज राज्य सरकार देगी। उन्होंने कहा कि अगली फसल आने तक जिन किसानों की फसल खराब हुई है, उन्हें सस्ते दर पर राशन उपलब्ध करवाया जायेगा। ग्राम पठरा में 30 लाख की राहत राशि मंजूर होने की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सरकारी स्कूल में पढ़ाई की स्थिति, स्वास्थ्य सेवाएँ, आँगनवाड़ी केन्द्र सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन पर ग्रामीणों से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने ग्राम में गेहूँ एवं अरहर फसल को खेत में जाकर देखा। उन्होंने किसान से धान उत्पादन के बारे में जानकारी प्राप्त की। किसानों ने बताया कि इस बार सूखे के कारण फसल का उत्पादन 60 से 70 प्रतिशत कम हुआ है। इस मौके पर सांसद श्री दलपत सिंह परस्ते, विधायक श्री जयसिंह मरावी, श्रीमती प्रमिला सिंह एवं स्थानीय जन-प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *