फर्जी बीमा और बैंक एजेंट से बचाने बने कार्य-योजना

मुख्य सचिव श्री अंटोनी डिसा ने फर्जी बीमा कंपनी और बैंक एजेंट द्वारा लोगों से निवेश के नाम पर राशि हड़पने की शिकायत के मद्देनजर एक कार्य-योजना बनाने को कहा है। प्राय: नागरिक अधिक धनराशि की उम्मीद में इन कंपनियों के जाल में फँस जाते हैं। मंत्रालय में आज आमजन से साप्ताहिक भेंट में आए एक प्रकरण के संदर्भ में मुख्य सचिव ने यह निर्देश दिया। भोपाल निवासी श्री अशोक दुबे ने आवेदन देकर बताया कि उनके सेवानिवृत्त होने के बाद करीब 25 लाख की राशि कतिपय लोगों ने हड़प ली है। मुख्य सचिव ने प्रकरण पुलिस महानिदेशक को भिजवाकर साइबर क्राइम शाखा में दर्ज करवाई गई शिकायत पर कार्यवाही को कहा।

मुख्य सचिव ने नागदा (उज्जैन) में पदस्थ प्राध्यापक प्रो. अनिता मालवीय को हृदय रोग उपचार में सुविधा के लिए इंदौर पदस्थ करने के निर्देश प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा को दिए। इंदौर की संस्था शुभम इंटरप्राइजेज को नगर निगम सागर में सामग्री प्रदाय की राशि के लंबित भुगतान के लिये नगरीय प्रशासन विभाग को कहा गया।सहकारी संस्था द्वारा भूखंड का कब्जा न दिए जाने के आवेदन पर प्रमुख सचिव सहकारिता को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

भोपाल निवासी श्रीमती शशि कुरील ने पति के उपचार की राशि की प्रतिपूर्ति, रायसेन जिला निवासी श्री मुकेश जैन ने आपूर्ति अधिकारी द्वारा दुकानदारों को परेशान किए जाने और धार जिला निवासी श्री कुलदीप गोदा ने पिता के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति का अनुरोध किया। ये आवेदन-पत्र क्रमश: चिकित्सा शिक्षा, खाद्य और उच्च शिक्षा विभाग को निराकरण के लिए भिजवाए गए। मुख्य सचिव ने उज्जैन के श्री विमल सोनी, भोपाल की सुश्री शमीना नईम और श्री सुभाष चन्द्र अग्रवाल के प्रकरण भी संबंधित विभाग को समाधान के लिए भिजवाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *