अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी में सिंहस्थ की ब्राण्डिंग

तप-वैराग्य-आध्यात्म और संस्कृति का महाकुंभ सिंहस्थ वर्ष 2016 में 22 अप्रैल से 21 मई तक उज्जैन शहर में होगा। आस्था के इस पर्व के लिये उज्जैन शहर में स्वागत की तैयारियाँ लगातार जारी हैं। दुनियाभर के श्रद्धालु इसमें शामिल हो सकें, इसके लिये विश्व-स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा वर्ष 2015 में दो अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी में सिंहस्थ-2016 की वैश्विक स्तर पर ब्राण्डिंग की गयी। जर्मनी के बर्लिन शहर में ‘इंटरनेशनल टूरिज्म बोर्स” और लंदन में ‘वर्ल्ड ट्रेवल मार्केट” में सिंहस्थ-2016 पर केन्द्रित प्रदर्शनी लगायी गयी।

दुनिया की सबसे बड़ी पर्यटन प्रदर्शनी में से एक बर्लिन की ‘इंटरनेशनल टूरिज्म बोर्स” में 7,321 पर्यटन संबंधित कम्पनियों ने अपने स्टॉल लगाये थे। प्रदर्शनी बर्लिन एक्सपो सेंटर सिटी पर लगायी गयी थी। प्रदर्शनी में सिंहस्थ से संबंधित ब्रोशर दर्शकों को वितरित किये गये। पर्यटन क्षेत्र के एक लाख से अधिक पेशेवर लोग सहित सभी प्रकार के कुल पौने दो लाख व्यक्ति ने इस एक्सपो में भाग लिया।

पर्यटन विभाग द्वारा लंदन में नवम्बर माह में 4 दिवसीय वर्ल्ड ट्रेवल मार्केट के वार्षिक आयोजन में स्टेण्ड क्रमांक आईएन-130 पर सिंहस्थ केन्द्रित जानकारी को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। यह जानकारी दर्शकों के लिये आकर्षण का केन्द्र रही। स्टॉल पर पहुँचे आगंतुकों को सिंहस्थ संबंधी ब्रोशर वितरित कर उन्हें सिंहस्थ आने के लिये आमंत्रित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *