हिन्दी विश्वविद्यालय में अगले सत्र से हिन्दी में होगी इंजीनियरिंग की पढ़ाई

अटल बिहारी बाजपेयी हिन्दी विश्वविद्यालय में अगले सत्र से इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिन्दी माध्यम से होगी। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने विश्वविद्यालय में अभियांत्रिकी शिक्षा सम्मेलन में अभियांत्रिकी पाठ्यक्रम का विमोचन किया। अभियांत्रिकी के 6 सेमेस्टर का पाठ्यक्रम हिन्दी में बनाया जा चुका है। श्री गुप्ता ने इंजीनियरिंग की किताब हिन्दी में लिखने वाले लेखकों को शाल-श्रीफल से सम्मानित किया।

श्री गुप्ता ने कहा कि सभी विद्वान मूल चिंतन मातृ भाषा में ही करते हैं। उन्होंने कहा कि हिन्दी में लिखने वाले लेखकों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करें। श्री गुप्ता ने कहा कि अगले सत्र से पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए काम का बंटवारा कर युद्ध स्तर पर कार्य करें। उन्होंने कहा कि तकनीकी शब्दों को यथावत रखा जा सकता है। श्री गुप्ता ने कहा कि प्राध्यापकों का माइंड सेट भी हिन्दी में पढ़ाने का होना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर इसका विज्ञापन जारी करने के निर्देश भी दिये।

हिन्दी विश्वविद्यालय के कुलपति श्री डॉ. एम.एल. छीपा ने इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम हिन्दी में शुरू करने के लिए की गयी तैयारियों की जानकारी दी। राजीव गाँधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पियूष त्रिवेदी ने कहा कि विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध कॉलेजों में भी विद्यार्थियों के स्वेच्दानुसार हिन्दी में भी पढ़ाई करवायी जायेगी। सम्मेलन में इंजीनियरिंग एवं पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्राध्यापक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *