उज्जैन में सिंहस्थ मेले के सुचारु संचालन और सुनियोजित आपदा प्रबंधन के लिये एक से अधिक प्लान तैयार किये जायेंगे। ‘ए’-प्लान के अलावा ‘बी’ और ‘सी’ भी रहेंगे। किन्हीं वजह से मुख्य प्लान-ए क्रियान्वित नहीं हो पाता है तो बी और सी प्लान पर अमल किया जाकर किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटा जा सकेगा। यह प्लान सिंहस्थ के डिजास्टर मेनेजमेंट का हिस्सा होंगे।

सिंहस्थ में किसी कारण बिजली फेल होती है तो जनरेटर द्वारा बिजली की सप्लाई की जायेगी। जनरेटर भी फेल होते हैं तो बैटरी से बिजली की सप्लाई की जायेगी। सिंहस्थ में मोबाइल नेटवर्क फेल होने पर सीडीएमए नेटवर्क का आप्शन तैयार रखे जाने की योजना बनाई गई है। इसके लिये बीएसएनएल कम्पनी से चर्चा की जा रही है। बीएसएनएल हेण्डसेट और सिम उपलब्ध करवायेगा। हेण्डसेट किराये से भी दिये जाने की व्यवस्था की जा रही है। विद्युत वितरण कम्पनी के कार्मिकों के लिये कम्पनी द्वारा वॉकी-टॉकी की व्यवस्था भी की जा रही है।