गणतंत्र दिवस समारोह नई दिल्ली में शामिल होगी व्हाइट टाइगर सफारी की झाँकी

विश्व की प्रथम व्हाइट टाइगर सफारी मुकुन्दपुर, रीवा की झाँकी गणतंत्र दिवस समारोह-2016 नई दिल्ली में शामिल होगी। रक्षा मंत्रालय भारत सरकार ने इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा दिये गये प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।

जनसंपर्क, खनिज संसाधन एवं ऊर्जा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल के प्रयासों से मुकुन्दपुर में 1000 हेक्टेयर वन क्षेत्र में जू एण्ड रेस्क्यू सेंटर तथा व्हाइट टाइगर सफारी का निर्माण किया जा रहा है। सेंट्रल जू अथॉरिटी से अनुमति के बाद सफेद शेर और भालू व्हाइट टाइगर सफारी शिफ्ट कर दिये गये हैं। व्हाइट टाइगर सफारी के साथ ही ब्रीडिंग सेंटर भी बनाया गया है।

सफेद बाघ के संबंध में पहली जानकारी सन् 1561 में मिलती है। अकबरनामा के दूसरे खण्ड में बने एक चित्र में सफेद बाघों को दिखाया गया है। यह चित्र अनुमानत: बाँधवगढ़ के जंगलों का है। आज दुनिया के सभी सफेद बाघ जिस मोहन बाघ की संतति हैं, वह भी सीधी के वन प्रांत में ही मिला था। मोहन के पहले एक और बाघ सन् 1915 में रीवा के महाराज गुलाब सिंह द्वारा पकड़ा गया था, जो 5 वर्ष तक गोविंदगढ़ के महल में रहा। दिनांक 25 मई, 1951 को सीधी जिले में रीवा महाराज मार्तण्ड सिंह को शिकार के दौरान बरगड़ी के जंगल में कोरमार नदी के किनारे सफेद शावक मिला, जिसे मोहन नाम दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *