प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस मार्ग परियोजना की आधारशिला रखी। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी को यातायात के जाम से छुटकारा दिलाना है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए सड़क संपर्क जरूरी है।
श्री मोदी ने कहा कि जब सौ किलोमीटर के दायरे में शहरों को एक-दूसरे से जोड़ा जाएगा, तब विकास नये स्तर तक पहुंचेगा।
जब एक शहर को सौ किलोमीटर की रेडियस में अन्य छोटे-छोटे शहरों के साथ जोड़ा जाता है तो सिर्फ रास्ते नहीं बनते, लेकिन वो सौ किलोमीटर के रेडियस में आने वाले हर छोटा-मोटा गांव, हर छोटा-मोटा शहर, उसी ताकत के साथ विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है। दिल्ली के साथ सट करके ये जो रोड़ नेटवर्क बनाने का हमने अभियान उठाया है वो पूरा अभियान दिल्ली के सौ डेढ़ सौ किलोमीटर के रेडियस के सारे क्षेत्र के विकास का एक बहुत बड़ा कारण बनने वाला है।
76 सौ करोड़ रुपए की इस महत्वाकांक्षी योजना के तीन साल में पूरा होने की उम्मीद है। इसके माध्यम से दिल्ली-डासना-मेरठ रोड पर 74 किलोमीटर लंबे 14 लेन के एक्सप्रेसवे का निर्माण और राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर डासना-हापुड़ की 22 किलोमीटर लंबी सड़क को तीन चरणों में सुधारना शामिल है।
श्री मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने गांवों के बीच संपर्क सुविधा में विस्तार कर ग्रामीणों के जीवन में परिवर्तन लाने के लिए परियोजनाओं की शुरूआत की थी। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस मार्ग के निर्माण से प्रदूषण मुक्त भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।
संसद की कार्रवाई में बाधा डालने पर कांग्रेस की आलोचना करते हुए श्री मोदी ने कहा कि जिन्होंने देश पर 60 वर्ष तक शासन किया है, उन्हें संसद की कार्रवाई में बाधा डालने का कोई अधिकार नहीं है
आप जब नया वर्ष मना रहे हो तो एक संकल्प ये भी कर लो कि आप 2016 में अब संसद में रूकावटें नहीं डालोगो। संसद को चलने दोगे, देश को आगे बढ़ने दोगो, देश के गरीबों की भलाई के निर्णय करने दोगे, ये अगर हम संकल्प करेंगे तो देश नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।