गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में अगले वर्ष 70 करोड़ की सड़कें बनेंगी

गृह एवं जेल मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने कहा कि अगले वर्ष औद्योगिक क्षेत्र गोविंदपुरा में 70 करोड़ लागत की सड़कें बनेंगी। इनके डीपीआर और राशि के लिये प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। श्री गौर आज 78 लाख लागत की स्ट्रीट लाइट परियोजना का गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में शुभारंभ कर रहे थे।

श्री गौर ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में पुराने इलेक्ट्रिक पोल बदलने, नई केबल डालने के साथ एल. ई.डी. लाइट लगायी जायेगी। नगर निगम द्वारा इण्डस्ट्री एसोसिएशन से मशविरा कर काम किया जायेगा। श्री गौर ने कहा कि 96 नये पोल, खुले तारों की जगह केबल और सामान्य लेम्प की जगह एलईडी लाइट को लगाया जायेगा। इससे औद्योगिक क्षेत्र और इस क्षेत्र की बस्तियों के 5000 से अधिक रहवासी लाभान्वित होंगे।

श्री गौर ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में 36 करोड़ की लागत से लगभग 15 किलोमीटर लम्बाई की सड़कें बन चुकी हैं। शेष सड़कें अगले साल बनेंगी। श्री गौर ने भोपाल शहर को साफ-सुथरा रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश का स्मार्ट सिटी में नम्बर वन का दर्जा है। भोपाल को स्मार्ट सिटी बनाया जायेगा।

पार्षद श्री हरिशंकर मिश्रा, श्री संजय वर्मा, अध्यक्ष इण्डस्ट्री एसोसिएशन श्री मुकेश सचदेवा, डी.आई.सी.जी.एम. श्री संजय पाठक और सिटी इंजीनियर श्री ए.के. नंदा मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *