संत शिरोमणि रविदास हमारे आदर्श और प्रेरणा-स्त्रोत हैं, जिनकी जयंती पर 22 फरवरी को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में मैहर में महाकुंभ हो रहा है। महाकुंभ में अधिक से अधिक संख्या में लोग शामिल हों, इसके प्रयास किये जायें। यह बात सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य ने आज सतना जिले के मैहर में संत रविदास समितियों के पदाधिकारी एवं अनुयायी और प्रतिनिधियों की बैठक में कही।
राज्य मंत्री श्री आर्य ने कहा कि विंध्य क्षेत्र के रीवा और सतना की धरती पर संत रविदास की जयंती पर पहली बार महाकुंभ होने जा रहा है। इसके पहले पाँच बार उज्जैन एवं दो बार सागर में महाकुंभ हो चुका है। श्री आर्य ने कहा कि महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की जायें। गाँव-गाँव में महाकुंभ में आने का संदेश पहुँचाया जाये।
नव-निर्वाचित विधायक श्री नारायण त्रिपाठी ने मैहर क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत के सभी लोगों से महाकुंभ में पहुँचने की अपील की है। बैठक में अध्यक्ष मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, वित्त विकास निगम श्री प्रदीप पटेल भी उपस्थित थे।