जनसंपर्क तथा उर्जा मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने आज रीवा में पशु-चिकित्सा महाविद्यालय कुठुलिया में अंर्तमहाविद्यालयीन खेल-कूद प्रतियोगिता का समापन किया। उन्होंने विजेता खिलाडि़यों और उनके दल को पुरस्कार वितरित किये। श्री शुक्ल ने इस अवसर पर कहा कि खेलों में हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण खेल में भागीदारी होना है।
ऊर्जा मंत्री श्री शुक्ल ने खेल आयोजन के लिये खिलाडि़यों और महाविद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है, इससे व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। जनसंपर्क मंत्री ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों से कहा कि आपने महत्वपूर्ण कैरियर चुना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता में कृषि सबसे ऊपर है। इस बात को ध्यान में रखते हुए आने वाले समय में पशु चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने महाविद्यालय की बाउण्ड्री वॉल निर्माण के लिये पर्याप्त राशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय जबलपुर के कुलपति डॉ. पी.डी. जुआल ने भी विचार व्यक्त किये। डीन डॉ. आर.पी.एस. बघेल ने कॉलेज की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।