शिक्षा व्यवस्था में परिवर्तन से आदर्श व्यवस्था निर्मित होगी

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शिक्षा व्यवस्था में परिवर्तन से आदर्श व्यवस्था निर्मित होगी। प्रदेश में योग शिक्षा लागू की जायेगी। देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। युवा भारत की तस्वीर और तकदीर बदलेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ युवा भारत के प्रांतीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में योग आचार्य स्वामी रामदेव जी भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आने वाली पीढ़ी के विचारों में परिवर्तन कर स्वस्थ, समृद्ध और यशस्वी भारत का निर्माण किया जायेगा। भ्रष्टाचार को रोकने के लिये प्रदेश सरकार ने विशेष न्यायालय कानून बनाया है, जिसके तहत भ्रष्टाचार द्वारा अर्जित संपत्ति को राजसात करने का प्रावधान किया गया है। पारदर्शी व्यवस्था लागू करने के लिये ई-टेंडरिंग, ई-मेजरमेन्ट और ई-पेमेन्ट की व्यवस्था लागू की गयी है। प्रदेश में सुशासन के लिये कई अभिनव योजनाएँ लागू की गयी हैं। अगले पाँच वर्ष में मध्यप्रदेश को देश का अव्वल राज्य बनाया जायेगा। श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश को पिछड़े से विकसित राज्य बनाने के लिये संकल्प लेकर काम किया गया है। प्रदेश में अब सड़क, बिजली, सिंचाई और खेती की बेहतर व्यस्थाएँ हैं। प्रदेश में अब 24 घंटे बिजली मिल रही है। बीते पाँच वर्ष में 90 हजार किलोमीटर सड़कें बनायी गई हैं। विद्युत उत्पादन क्षमता 2,900 मेगावाट से बढ़ाकर 10 हजार 600 मेगावाट की गयी है। सिंचाई क्षमता 7.50 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 25 लाख हेक्टयर की गयी है। नर्मदा-क्षिप्रा लिंक परियोजना शुरू की गयी है, जो इस साल के अन्त तक पूरी होगी। प्रदेश की कृषि विकास दर देश में सबसे अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *