गृह एवं जेल मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने आज भोपाल नगर के विकास कार्य और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में अनुमति नहीं मिलने पर अवधपुरी तिराहे के विकास कार्य के लंबित होने की जानकारी पर भेल प्रशासन द्वारा अगले दो दिन में स्वीकृति जारी करने की बात कही गई। भेल प्रशासन द्वारा झुग्गी-बस्तियों में बिजली देने के लिये विद्युत वितरण कम्पनी को सूची सौंपी गयी। इसमें भेल क्षेत्र की झुग्गियों के पास से गुजरने वाली विद्युत कम्पनी की बिजली की लाइन की जानकारी है।
श्री गौर ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को एसओएस बाल ग्राम, बरखेड़ा पठानी सहित ऐसी बस्तियों में, जहाँ अभी मैजिक, सिटी बस की सुविधा नहीं है, यह सुविधा उपलब्ध करवाने को कहा। श्री गौर ने आनंद नगर डिस्पेंसरी में पदस्थ किये गये चिकित्सक को जल्दी ड्यूटी ज्वाइन करने को कहा। उन्होंने आनंद नगर क्षेत्र के वाशिंदों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करवाने के लिये प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का प्रस्ताव बनाने को कहा।
बैठक में नगर की सड़कों, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की गयी। पूर्व महापौर श्रीमती कृष्णा गौर, कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े और स्थानीय पार्षद मौजूद थे।