मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुकुन्दपुर टाइगर सफारी को विश्व की सर्वश्रेष्ठ टाइगर सफारी बनाया जायेगा। सफारी की अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान स्थापित की जायेगी । इस कार्य में धनराशि की कमी नहीं आने दी जायेगी। श्री चौहान आज रीवा संभाग के सतना जिले के ग्राम मुकुन्दपुर में विश्व की पहली व्हाइट टाइगर सफारी का लोकार्पण कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव का स्मरण करते हुए वन्य-प्राणियों के प्रति उनके प्रेम और उदारता की सराहना की। मुख्यमंत्री ने सफारी का नामकरण महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव पर करने की घोषणा की। श्री चौहान ने कहा कि विन्ध्य की धरोहर के विन्ध्य में लौटने का सपना साकार हो गया है। उन्होंने इसके लिये केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर, श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश के वन मंत्री डॉ. गौरी शंकर शेजवार और जनसम्पर्क मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल के प्रयासों की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सफारी के प्रारंभ होने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। आजीविका के नये-नये साधन खुलेंगे जिससे क्षेत्र में समृद्धि आयेगी। उन्होंने स्थानीय जनता के अवलोकन के लिये टाइगर सफारी में एक सप्ताह निःशुल्क प्रवेश की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने मुकुन्दपुर के हाई स्कूल को उन्नत कर हायर सेकेण्डरी किये जाने और रीवा की हवाई पट्टी को हवाई अड्डे का रूप दिये जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सतना हवाई पट्टी को भी और बेहतर बनाया जायेगा।
कार्यक्रम के अध्यक्ष केन्द्रीय वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि विश्व की कुल संख्या के 75 प्रतिशत बाघ हमारे देश में हैं। उन्होंने कहा कि मुकुन्दपुर टाइगर सफारी निश्चित रूप से अद्भुत है। बाघों के लिये यह एक अनुकूल स्थल है। उन्होंने कहा कि सफारी के विकास और उत्थान के समुचित प्रयास किये जायेंगे और इस कार्य के लिये केन्द्र से पर्याप्त राशि उपलब्ध करवाई जायेगी। प्रयास होगा कि इस सफारी को 7 स्टार का दर्जा मिले।
केन्द्रीय इस्पात एवं खान मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि यह सफारी विन्ध्य अंचल के लिये सौभाग्य और प्रसन्नता का विषय है। सफेद शेर वर्षों से रीवा की पहचान थे। उनके लौटने से रीवा का वैभव लौट आया है। उन्होंने सफारी के निर्माण के लिये केन्द्र और प्रदेश सरकार के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए इसे जन-भावनाओं के प्रति समर्पण का उदाहरण बताया।
वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार ने कहा कि विंन्ध्य क्षेत्र की जनता का इंतजार खत्म हुआ है। विंन्ध्य की चाहत थी सफेद शेर का आना। इसके लिए मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला ने मुकुन्दपुर का चयन किया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी अड़चनों को दूर कर भरपूर सहयोग दिया। इसी प्रकार सेन्ट्रल जू अथॉरटी, और केन्द्रीय मतंत्री द्वय श्री जावडे़कर तथा श्री तोमर ने भी भरपूर सहयोग दिया।
जनसंपर्क मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि लंबे समय से विन्ध्य के लोगों के मन में ललक थी कि सफेद शेर होना चाहिए। इसे दृष्टिगत रखते हुए पहल की गई और विन्ध्य के गौरव एवं पहचान की वापसी हुई। श्री शुक्ल ने महाराजा मार्तण्ड सिंह के नाम पर मुकुन्दपुर व्हाइट टाइगर सफारी का नाम रखने का आग्रह किया।