विकास के साथ लोगों के जीवन में खुशियाँ लाने का काम करेगी प्रदेश सरकार

विकास के साथ ही प्रदेशवासियों के जीवन में खुशियाँ आयें, इस दिशा में प्रदेश सरकार ने हैपीनेस मिनिस्ट्री शुरू करने का निर्णय लिया है। अब प्रदेश सरकार प्रदेश की विकास दर को बढ़ाने के साथ ही, प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने का कार्य तो करेगी ही, साथ ही ध्यान, योग, खेल, अध्यात्म, जीने के नये अन्दाज तथा लोगों को नैतिक रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करने का कार्य भी करेगी ।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आज रीवा में दैनिक समाचार पत्र ‘स्टार समाचार’ के रीवा संस्करण का शुभारंभ कर रहे थे। इस अवसर पर जनसम्पर्क मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ला, विधानसभा उपाध्यक्ष श्री राजेन्द्र सिंह, सांसद श्री जनार्दन मिश्रा और श्री गणेश सिंह, विधायक श्री नारायण त्रिपाठी और श्रीमती शीला त्यागी, ‘स्टार समाचार’ के चेयरमैन श्री रमेश सिंह उपस्थित थे ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे देश की पत्रकारिता कई चरणों से गुजरी है। स्वतंत्रता के पूर्व की पत्रकारिता देश की स्वतंत्रता के लिये समर्पित थी। दूसरे चरण की पत्रकारिता स्वतंत्रता के बाद प्रारंभ हुई जो देश के नव-निर्माण पर आधारित थी । तीसरे चरण में आपात काल के दौरान आपात काल के विरुद्व थी। पत्रकारिता चाहे जिस चरण में हो लेकिन उसे समाज को सकारात्मक समाचारों के माध्यम से दिशा देने का कार्य करना चाहिए। श्री चौहान ने कहा कि आलोचनात्मक समाचारों से जहाँ प्रशासन सजग होता है वहीं अच्छी खबरों से लोगों में जागरूकता आती है। समाज के प्रति कुछ करने का जज्बा पैदा होता है। ‘स्टार समाचार’ पत्र समूह निष्पक्ष, निर्भीक, सजग तथा समाज उपयोगी समाचारों के प्रकाशन में सदैव की भाँति अपनी अहम भूमिका का निर्वहन करता रहेगा, ऐसी मेरी अपेक्षा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं अपनी दिनचर्या सकारात्मक समाचारों के पढ़ने के साथ प्रारंभ करता हूँ किन्तु आलोचनात्मक समाचार पढ़ कर शासन-प्रशासन की कमियों को दूर करता हूँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *