उज्जैन में होने जा रहे इकीसवी सदी के दूसरे सिंहस्थ-2016 की पहली पेशवाई 5 अप्रैल को निकलेगी। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े की पेशवाई 5 अप्रैल की सुबह उज्जैन में नीलगंगा से प्रारंभ होगी। यह भव्य पेशवाई परंपरागत ढंग से निर्धारित मार्ग से होकर भूखी माता क्षेत्र स्थित छावनी पहुँचेगी।
जूना अखाड़े के श्री महंत श्री हरिगिरीजी महाराज ने बतलाया है कि पेशवाई में हाथी, घोड़े, बैण्ड, बग्गियों के साथ मयूर रथ पर जूना अखाड़े के आचार्य महामण्डलेश्वर श्री अवधेशानंद गिरिजी महाराज विराजित रहेंगे। पेशवाई में काशी सुमेरू पीठ के शंकराचार्य श्री नरेन्द्रानंदजी, अन्य महामण्डलेश्वर एवं बड़ी संख्या में साधु-संत शामिल होंगे।