मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा में शनिवार को पाँच दिवसीय विन्ध्य महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष क्षेत्र की संस्कृति पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएँ करवायी जायेंगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को पुरस्कृत किया जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज आनंद उत्सव और नृत्य करने का दिवस है। विन्ध्य क्षेत्र को 40 वर्ष के बाद उसकी पहचान फिर मिली है। उन्होंने कहा कि आज क्षेत्र में मुकुन्दपुर में व्हाइट टाइगर सफारी का शुभारंभ हुआ है। मुकुन्द्पुर विश्व का सबसे पसंदीदा उद्यान होगा। इस क्षेत्र का गायन एवं नृत्य अदभुत है। इस क्षेत्र के काली,बिरहा,फगुआ ,राई सभी अदभुत है । मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता आनंदित रहे। इस उद्देश्य से मध्य प्रदेश में एक नये मंत्रालय का गठन किया जा रहा है। इस में प्रदेश के सभी नागरिग सहभागी बनें।
श्री चौहान ने कहा कि रीवा एवं सतना के युवा आगे आकर उद्योग लगाये तथा नौकरी मांगने की बजाय अन्य लोगों को नौकरी मुहैया करवायें। इससे मुझे बेहद खुशी होगी। दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है। क्षेत्र के युवा प्रयास करेंगे तो उन्हें सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार युवाओं को उद्योग स्थापित करने के लिये मुख्यमंत्री युवा स्व-रोजगार योजना में 10 लाख से एक करोड़ तक का ऋण मुहैया करा रही है। विन्ध्य क्षेत्र के लोगों को खेती, उद्योग एवं व्यापार स्थापित करने के लिये एक अलग पेकेज दिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाणसागर आई लेण्ड को विकसित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि रीवा नगर निगम क्षेत्र के गरीब तबके के लोगों को आवास मुहैया करवाने के लिये लगभग 129 करोड की राशि स्वीकृति की गयी है। नगर निगम को विकास कार्यों के लिये समुचित धनराशि मुहैया करवायी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र को हिन्दुस्तान का सबसे विकसित क्षेत्र बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य में क्षेत्र के नागरिक अपेक्षित सहयोग करें।
ऊर्जा एवं जनसम्पर्क मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि क्षेत्र में विश्व का सबसे बड़ा सोलर प्लांट गुढ़ में लगाया जा रहा है। रीवा जिले में सुपर स्पेशियलिटी हास्पिटल के निर्माण के लिये 150 करोड़ की राशि स्वीकृति हो गयी है। मुख्यमंत्री द्वारा हवाई पट्टी को हवाई अड्डे में तबदील करने की घोषणा की गयी है। इस घोषणा से रीवा अब दिल्ली एवं मुम्बई से हवाई सेवा से जुड़ जायेगा।
सांसद श्री जनार्दन मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र की धरा संस्कृति की समृद्धता से परिपूर्ण रही है। इस क्षेत्र ने तानसेन के रूप में देश को उत्कृष्ट संगीतज्ञ दिया। कलचुरि कालीन स्थापत्य ने क्षेत्र को एक नयी पहचान दी है। वहीं चित्रकूट में रामायण जैसे महाकाव्य की रचना हुई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में औद्योगिक क्रांति आयी है तथा पर्यटन के विकास के नये द्वार खुले हैं।