इंदौर से उज्जैन यात्रियों को लाने ले जाने की व्यवस्था

सिंहस्थ के दौरान इंदौर से उज्जैन जाने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिये यातायात की सुगम कार्य-योजना बनायी गयी है। इंदौर शहर में विजय नगर, तीन इमली, भौरासला, गंगवाल और सर्वटे बस स्टेण्ड पर 600 से अधिक बसों द्वारा एक बार में यात्रियों को उज्जैन भेजने की व्यवस्था की गयी है। प्रत्येक मिनट में प्रत्येक बस स्टेण्ड से 10 से अधिक बस रवाना की जा सकेंगी। प्रारंभ में 600 बस 5 से अधिक फेरे लगायेंगी। इस प्रकार 3000 से अधिक फेरे इंदौर से उज्जैन के एक दिन में लगाये जायेंगे, जिनमें 1.50 लाख से अधिक यात्री यात्रा कर सकेंगे। उज्जैन सिंहस्थ-2016 के लिये 1500 से अधिक बस अधिग्रहीत की गयी हैं। सभी बस इंदौर से उज्जैन के लिये चलायी जायेगी।

इंदौर के 5 स्थान से उज्जैन शहर में नानाखेड़ा तक बसें चलायी जायेंगी। नानाखेड़ा से उज्जैन शहर के विभिन्न स्थान के लिये 400 से अधिक बसें भी एआईसीटीएसएल द्वारा चलायी जा रही हैं। इस व्यवस्था से उज्जैन पहुँचने वाले यात्रियों को सुगमता से बसें उपलब्ध होंगी। सिंहस्थ के लिये बस के किराये में 25 प्रतिशत की कटौती की गयी है। अब इंदौर से उज्जैन यात्रा करने वाले यात्रियों को 40 रूपये प्रति व्यक्ति के मान से किराये का भुगतान करना होगा। यात्रा करने वाले प्रत्येक यात्री का एक लाख रूपये का बीमा भी रहेगा।

वाल्मीकी धाम पर लाखों कुल्हड़ों का उपयोग होगा

उज्जैन में सिंहस्थ के दौरान पर्यावरण को बचाने के संदेश को आमजन तक पहुँचाने के लिए वाल्मीकी समाज के संत-महन्त अनुयायी लाखों की संख्या में उज्जैन पहुँचेंगे। इस दौरान प्लास्टिक या अन्य पात्र के बजाय मिट्टी के बने कुल्हड़ का उपयोग किया जायेगा। लाखों की संख्या में कुल्हड़ राजस्थान से मँगवाये गये हैं। वाल्मीकी धाम में भण्डारा भी चलाया जायेगा। इस दौरान दोने-पत्तल के बदले स्टील की थालियों का उपयोग किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *