सिंहस्थ मेला क्षेत्र में आँधी-बारिश से प्रभावित क्षेत्र में तत्परता से हो रहे सहायता कार्य

उज्जैन के सिंहस्थ मेला क्षेत्र में आज हुई बेमौसम बारिश और हल्की ओलावृष्टि के बाद प्रभावित क्षेत्रों में तत्परता के साथ  सहायता कार्य शुरू किए गए हैं। सभी क्षेत्रों में सहायता दल एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी टीम पहुँचाई गईं हैं।

आंधी एवं पंडाल गिरने से  जिन लोगों को मामूली चोटें आईं थी उनका उपचार करवाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का अमला एम्बुलेन्स एवं 108 सेवा के वाहनों के साथ सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में पहुँचकर जरूरतमन्दों को स्वास्थ्य सेवा मुहैया करा रहा है। मेला प्रबंधन से जुड़े अधिकारी मौके पर पहुँच कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करवाने में जुटे हैं। बेमौसम बारिश से क्षतिग्रस्त हुई बिजली एवं सीवर लाईन दुरस्त करवाने के लिए विशेष टीम लगाईं गईं हैं। साथ ही नगर निगम का दस्ता सड़कों एवं पंडालों से पानी की निकासी में जुटा है। पीडब्ल्यूडी के अमले द्वारा सड़कों और पंडालों में जहाँ-जहाँ पानी और कीचड़ हो गया है, वहाँ बजरी एवं गिट्टी का चूरा डाला जा रहा है। सहायता कार्य में स्वयंसेवी संस्थाएँ भी प्रशासन की मदद कर रहीं हैं। टोलफ्री नंबर-1100 पर कॉल कर कोई भी व्यक्ति  मदद ले सकता है।

जिला प्रशासन ने कहा है कि श्रद्धालुओं को अब घबराने की कतई भी जरूरत नहीं है। बारिश के दौरान बन्द बिजली को पुन: चालू कर दिया गया है। मेला क्षेत्र में सफाई कर्मियों तथा अग्निशमन दल द्वारा घाटों की सफाई तथा बारिश का पानी निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है। पंचक्रोशी यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था मंडी शेड तथा सेटेलाइट टाउन के वॉटरप्रूफ टेन्टों में की गई है। सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ एवं प्रबंध तत्परतापूर्वक सुनिश्चित किये जा रहे हैं। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से व्यवस्थाएँ बहाल करने और सभी सेवाओं को सुचारू बनाने में तत्परतापूर्वक जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *