उज्‍जैन में वर्षा और धूलभरी आंधी से सिंहस्‍थ कुंभ मेले में छह लोगों की मौत

मध्‍य प्रदेश में वर्षा और धूलभरी आंधी चलने से उज्‍जैन में सिंहस्‍थ कुंभ मेले में छह लोग मारे गए हैं और चालीस से अधिक घायल हो गए हैं।  मेला क्षेत्र में कई टैंट उखड़ गए।

अब तक छह मौतों की पुष्टि हुई है। मृतकों में एक साधु और तीन महिलाएं शामिल हैं। दो घायलों को इंदौर रैफर किया गया है। तेज बौछारों और आंधी के चलते कुंभ क्षेत्र में लगाए गए कई पंडाल गिर गए जिससे व्‍यवस्‍था पूरी तरह प्रभावित हुई। राष्‍ट्रीय आपदा प्रबंधन दल प्रशासन की मदद के लिए मेला क्षेत्र में पहुंच गया है। मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख व्‍य‍क्‍त किया है। जिला प्रशासन ने दावा किया है कि स्थिति अब नियंत्रण में है। उसने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। कल सिंहस्‍थ में पर्व स्‍नान होना है।

प्रधानमंत्री ने कुंभ मेले में मारे गए लोगों के प्रति दु:ख व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने सभी संतों, तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा की कामना की है। श्री नरेन्‍द्र मोदी ने टिवटर पर मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की है और घायलों के जल्‍द स्‍वस्‍थ होने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *