उज्जैन में 12 वर्ष में होने वाला सिंहस्थ का सभी को इंतजार रहता है। इसकी तैयारियाँ काफी पहले से शुरू हो जाती है। इस बार सिंहस्थ में एक नए संगठन ने अनूठी पहल शुरू की है। संगठन का नाम है बाईक फॉर एवरीथिंग।
संगठन से जुड़े श्री लालसिंह पंवार ने बताया कि उनके मन में सिंहस्थ मेले के दौरान सेवा करने का भाव था। इसके लिए वे काफी पहले से विचार कर रहे थे। उन्होंने बताया कि संगठन के प्रमुख अविनाश उनके कॉलेज में पहुँचे थे। 
संगठन ने सिंहस्थ मेला क्षेत्र में 50 युवाओं को मोटर बाईक्स ईंधन सहित उपलब्ध करवाई है। इन मोटर बाईक से ये अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते हैं। ये युवा मेला कार्यालय के जोन और सेक्टर कार्यालय से भी जुड़े हैं। संगठन ने मोबाइल-एप भी तैयार किया है। ये युवा जरूरतमंद श्रद्धालुओं को निःशुल्क रूप से मंदिरों और साधुओं के पंडालों तक पहुँचाने का भी कार्य कर रहे हैं। संगठन 21 मई तक अपनी सेवाएँ देगा।
स्नातक शिक्षा प्राप्त श्री लालसिंह बताते हैं कि निःस्वार्थ सेवा के बाद उन्हें जो संतोष मिलता है उसे वे शब्दों से व्यक्त नहीं कर सकते है। उन्होंने कहा कि वे आगे भी समाज सेवा के क्षेत्र से जुडे़ रहेंगे।