श्रीलंका के राष्ट्रपति श्री मैत्रीपाल द्वारा साँची स्तूप का भ्रमण

श्रीलंका के राष्टपति श्री मैत्रीपाल सिरिसेना ने आज साँची में धम्म पथिक अनागरिक धर्मपाल की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित थे। महाबोधि सोसायटी ऑफ श्रीलंका के परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रीलंका के राष्ट्रपति श्री मैत्रीपाल सिरिसेना ने भारत और श्रीलंका के पौराणिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रीलंका और भारत के मैत्रीपूर्ण संबंधों को और सुदृढ़ बनाया जायेगा।

श्री सिरिसेना ने कहा कि बौद्ध तीर्थ-स्थल साँची आने पर वे स्वयं को धन्य मानते हैं। उन्होंने इसके लिए बीजेपी प्रवक्ता श्री राममाधव का आभार माना। श्री सिरिसेना ने साँची में बौद्ध विश्वविद्यालय की स्थापना के लिये मुख्यमंत्री श्री चौहान का भी आभार व्यक्त किया।

साँची में भारत-श्रीलंका मैत्री पार्क बनेगा

श्रीलंका के राष्ट्रपति श्री मैत्रीपाल सिरिसेना का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि साँची विश्व विद्यालय के पास भारत और श्रीलंका की मैत्री की स्मृति में मैत्री पार्क बनाया जाएगा। श्री चौहान ने कहा कि श्रीलंका में जिस स्थान पर सीताजी ने अग्नि-परीक्षा दी थी, उस स्थान पर मंदिर का भव्य निर्माण किया जाएगा। इस पर आने वाला सम्पूर्ण व्यय मध्यप्रदेश शासन द्वारा वहन किया जाएगा। मंदिर के लिये श्रीलंका सरकार भूमि उपलब्ध करवाने पर सहमत हो गई है।

उज्जैन के निरोरा ग्राम से साँची पहुँचने के बाद श्रीलंका के राष्ट्रपति श्री मैत्रीपाल सिरिसेना तथा श्रीलंका पार्लियामेंट के स्पीकर श्री करूणारत्न जयसूर्या, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने चैत्यगिरि विहार में भगवान बुद्ध के शिष्यों महामोग्लयान और सारिपुत्त की पवित्र अस्थियों का दर्शन और पूजन किया। इसके पश्चात उन्होंने साँची स्तूप का भ्रमण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *