बारहवें वर्ष में वन्दे-मातरम् गायन

मंत्रालय भवन (वल्लभ भवन) के समक्ष सरदार वल्लभ भाई पटेल उद्यान में राष्ट्र गीत वंदे-मातरम् का सामूहिक गायन आज 132 वीं बार हुआ।

गायन का यह सिलसिला जुलाई 2005 को शुरू हुआ था। आज इस अवसर पर गृह एवं जेल मंत्री श्री बाबूलाल गौर, अपर मुख्य सचिव वित्त श्री ए.पी.श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन श्री एम.के.वार्ष्णेय, प्रमुख सचिव संस्कृति श्री मनोज श्रीवास्तव सहित, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। एक श्रेष्ठ परम्परा के ग्यारह साल पूरे होने पर आज गायक कलाकारों का उत्साह देखते ही बनता था। अब भोपाल का वल्लभ उद्यान परिसर आन-बान-शान से लहराते तिरंगे से भी शोभायमान है। इस ध्वज को पहली बार मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले वर्ष मई माह में फहराया था।

वन्दे-मातरम् गायन के अवसर पर अनेक बार मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, राज्‍य मंत्रि-परिषद् के सदस्य, मुख्य सचिव श्री अंटोनी डिसा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहते हैं। पिछले 11 साल से लगातार यह गायन हर माह के पहले कार्य दिवस पर होता है। शासकीय सेवक सहित सभी नागरिकों में राष्ट्र भक्ति और देशप्रेम की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से यह मासिक समवेत गायन शुरू किया गया। तब से सफलता से यह गायन हो रहा है। प्राय: केंद्र सरकार के भी कुछ अधिकारी-कर्मचारी भी इसमें रुचि लेकर शामिल होते हैं।

वल्लभ भवन में पदस्थ अनेक शासकीय सेवक वन्देमातरम् गायन को मुख्य स्वर देते हैं। यह कार्य वे स्वैच्छिक रूप से करते हैं। अनुशासित ढंग से राष्ट्र गीत का संगीतमय गायन करने वाले करीब तीस लोगों का समूह है। यह समूह गायन का नियमित अभ्यास भी करता है। सामान्य प्रशासन विभाग ने गायक दल को वाद्य यंत्र प्रदान किए हैं।

उल्लेखनीय है कि श्री बंकिम चन्द्र चटर्जी लिखित राष्ट्र गीत वन्दे-मातरम् को देश के प्रसिद्ध गायक-गायिकाओं ने अपना स्वर दिया है। इस मायने में राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश की पहल प्रशंसनीय मानी गई है।

प्रति माह सरदार वल्लभ भाई पटेल उद्यान में राष्ट्र गीत गायन में पुलिस बेंड का सहयोग भी मिलने लगा है। आज भी ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ और अन्य देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुति हुई।      

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *