नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने गारंटी पीरियड की सड़कों को चिन्हांकित कर संबंधित ठेकेदार को नोटिस देकर जवाब-तलब करने को कहा है। उन्होंने नगर निगम के जोनल अधिकारियों के साथ ही इंजीनियर्स को भी उनके क्षेत्र में होने वाले सड़क तथा अन्य निर्माण कार्य के लिये जवाबदेह बनाने को कहा है। श्रीमती सिंह आज भोपाल की सड़कों और जर्जर भवनों की स्थिति की समीक्षा कर रही थीं। महापौर श्री आलोक शर्मा बैठक में उपस्थित थे।
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि जो सड़कें गारंटी पीरियड में हैं, उनका संधारण संबंधित ठेकेदार करें, यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि इन सड़कों पर नगरीय निकाय ध्यान रखें और खराब होने की स्थिति में उनकी सिक्युरिटी राशि जप्त करने के साथ ही उन्हें ब्लेक-लिस्टेड करने की भी कार्यवाही की जाये। श्रीमती सिंह ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता को बनाये रखने के लिये यह जरूरी है कि नगरीय निकाय में काम करने वाले लोगों की भी जवाबदेही तय की जाये। उन्होंने इसके लिये जोनल अधिकारी और संबंधित इंजीनियर्स को उनके क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों के लिये जवाबदेह बनाने को कहा। किसी भी तरह की कोताही अगर हो तो इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये।
मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि सड़कें खराब होने का मामला गंभीर है और यह सीधे जनता से जुड़ा हुआ है, इसलिये इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि इसमें सरकार का वह पैसा लगता है, जो जनता कर के रूप में देती है, इसका पूरी पारदर्शिता के साथ उपयोग हो और इसका उन्हें लाभ मिले, यह सुनिश्चित करने कीजिम्मेदारी नगरीय निकायों की है।
श्रीमती सिंह ने कहा कि इसके साथ ही इस बारिश में जहाँ भी जल-भराव की स्थिति बनी है, ऐसे स्थानों को चिन्हांकित किया जाये और उसके आधार पर पानी की निकासी की व्यवस्था की जाये, ताकि अगली बारिश में यह स्थिति उत्पन्न न हो। नगरीय विकास मंत्री ने शहरों में हो रहे अतिक्रमण पर भी सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देश दिये।
मंत्री श्रीमती माया सिंह ने राजधानी में जर्जर भवनों की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे भवन जो जर्जरता की स्थिति में हैं, उनकी लिस्ट बनायी जाये और निगम इस दिशा में जरूरी कार्यवाही करे, ताकि कोई दुर्घटना न हो।
आयुक्त नगरीय विकास श्री विवेक अग्रवाल ने कहा कि नगरीय निकाय ऐसी सड़कों को भी चिन्हांकित करे, जिन्हें 5 साल के बाद नवीनीकरण की आवश्यकता है।
नगर निगम आयुक्त श्रीमती छवि भारद्वाज ने भोपाल में सड़कों की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के सुधार की दिशा में निगम तत्परता के साथ कार्यवाही कर रहा है।