नई दिल्ली/ राष्ट्रीय राजधानी की हवा में कई दिन से जारी घने धुएं की समस्या से निपटने के तरीको पर चर्चा के लिये आज दिल्ली और पड़ौसी राज्यों के पर्यावरण मंत्रियों की नई दिल्ली बैठक होगी। इसमें वायु प्रदूषण के खतरनाक स्तर का हल ढूंढने की कोशिश की जाएगी। ये बैठक केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दवे ने बुलाई है। उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय इस समस्या पर सभी पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाने पर भी विचार कर रहा है।
हमारे संवाददाता ने बताया कि दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने भी आज इसी मुद्दे पर उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है।
दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी में स्कूलों को बुधवार तक बंद रखने का आदेश पहले ही दे चुकी है। दिल्ली में प्रदूषण स्तर पर रोक लगाने के आपातकालीन उपायों के तहत सभी निर्माण और खुदाई कार्य पांच दिन के लिए बंद कर दिये गये हैं। दिल्ली सरकार ने कोयले से चलने वाले बदरपुर बिजली संयंत्र को भी दस दिन के लिये बंद करने का फैसला किया है।
राष्ट्रीय राजधानी में अभूतपूर्व वायु प्रदूषण के मद्देनजर गुरुग्राम और नोएडा में भी अधिकारियों ने कई उपायों की घोषणा की हैं। गुरुग्राम जिला प्रशासन ने धारा 144 लगा दी है और कचरा, मलबा और अन्य सामग्री को खुले में जलाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। गौतम बुद्ध नगर के जिला मजिस्ट्रेट ने नर्सरी कक्षा तथा प्राथमिक विद्यालयों की पहली और दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों की दो दिन की छुट्टी की घोषणा की है। शेष कक्षाएं सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक चलेंगी।