हिलेरी और ट्रंप के बीच कांटे की टक्कर, मतदान जारी

अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए मतदान जारी है। डेमोक्रेट हिलेरी क्लिंटन ने डिक्सविले और हार्ट में जीत हासिल की है, वहीं न्यू हैम्पशायर में रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप आगे चल रहे हैं।
भारतीय समयानुसार पहला मत मंगलवार सुबह 10.30 बजे न्यू हैम्पशायर के डिक्शविले नॉच में डाला गया। अगले दिन यानी 9 नवंबर को सुबह 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचन देश के मतदाताओं द्वारा अप्रत्यक्ष तरीके से होता है। यानी मतदाता एक निर्वाचक मंडल का चुनाव करते हैं। यह निर्वाचक मंडल राष्ट्रपति का चुनाव करता है। अमेरिकी कांग्रेस के दो सदन हैं। प्रतिनिधि सदन में 435 जबकि सीनेट में 100 सदस्य हैं। कोलंबिया को मिलाकर कुल सदस्यों की संख्या 538 हो जाती है। यही 538 सदस्य राष्ट्रपति का चुनाव करते हैं। जिसे 270 या इससे ज्यादा वोट मिलेंगे, वो राष्ट्रपति बन जाएगा। बहुमत हासिल करने के लिए 538 में 270 वोट हासिल करना जरूरी है। 270 इलेक्टोरल कॉलेज वोट पाने वाला उम्मीदवार राष्ट्रपति पद की शपथ ग्रहण करता है।
वोटिंग का समय
न्यू यॉर्क में शाम 4.30 बजे वोटिंग शुरू होगी
ओहायो में शाम पांच बजे वोटिंग शुरू होगी
नॉर्थ कैरोलाइना में शाम पांच बजे वोटिंग शुरू होगी
फ्लोरिडा में शाम साढ़े पांच बजे वोटिंग शुरू होगी
एरिजोना में शाम 6.30 बजे वोटिंग शुरू होगी
कोलाराडो में शाम 7.30 बजे वोटिंग शुरू होगी
कैलिफोर्निया में रात 8.30 बजे वोटिंग शुरू होगी
रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेट हिलेरी क्लिंटन के बीच मुकाबला नजदीकी माना जा रहा है लेकिन हिलेरी बढ़त बनाए हुए हैं। वह जीतीं तो नया इतिहास बनेगा। आजाद अमेरिका के 240 साल के इतिहास में राष्ट्रपति बनने वाली वह पहली महिला होंगी।
भारत की भी नजर
राष्ट्रपति रिपब्लिकन के डोनाल्ड ट्रंप बनें या फिर डेमोक्रेट की हिलेरी क्लिंटन, चीन के उभार को देखते हुए आधुनिक वैश्विक परिदृष्य में भारत के दोनों हाथों में लड्डू हैं। दोनों देशों के संबंध में पहले से ही मिठास की ऐतिहासिक मिसरी घुल रही है। नया राष्ट्रपति इस मिठास में और चीनी घोलने का ही काम करेगा।
इस बीच, प्रचार के अंतिम क्षणों में भी हिलेरी क्लिंटन और डोनाल्ड ट्रंप एक-दूसरे पर व्यक्तिगत हमलों से नहीं चूके। ट्रंप ने जहां ईमेल का मुद्दा उछालकर हिलेरी को घेरा, वहीं हिलेरी ने ट्रंप के यौन आचरण पर सवाल उठाए। दोनों ने एक-दूसरे को व्हाइट हाउस के लिए नाकाबिल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *