जिले के गांव हरदुली (बरगीनगर) में सोमवार को जब नर्मदा सेवा यात्रा ने प्रवेश किया तो खुद सीएम शिवराज सिंह ने आगे बढ़कर यात्रा ध्वज थाम ली। पत्नी साधना सिंह ने सिर पर कलश ले लिया। दोनों डेढ़ किमी तक पैदल ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
वहां मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा हमारी मां है और हम सबकी जिम्मेदारी है कि उसे निर्मल रखें। इसके लिए सभी पौधारोपण करें। जिले के शहरी व तटीय ग्रामीण क्षेत्र के गांवों में भी नालों के पानी को साफ करने ट्रीटमेंट प्लांट लगेंगे। यात्रा 2 जनवरी तक जिले में रहेगी।
बरगी डेम के 16 गांव राजस्व गांव बनेंगे : मुख्यमंत्री ने दशकों से सीमा विवाद की मार झेल रहे बरगी डैम के किनारे बसे विस्थापितों 16 गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा दे दिया। अब विस्थापित आसानी से अपनी जमीनें खरीद और बेच सकेंगे।